प्रतापगढ़ : पुलिस की निगरानी में स्कूल पहुंची मनचलों से डरी छात्राएं, लापरवाही पर अंतू एसओ लाइन हाजिर
प्रतापगढ़, अमृत विचार। चंद्रयान-3 की लैंडिंग का सजीव प्रसारण देखकर विद्यालय से बुधवार शाम को छात्रायें घर जा रही थी। उस समय अंतू के पूरे भरत तारडीह गांव के कुछ युवकों व किशोरों ने छेड़छाड़ की। शनिवार सुबह 10 बजे पुलिस टीम गांव पहुंची,तब छात्राएं स्कूल गईं। थानाध्यक्ष को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
अंतू के पूरे भरत तारडीह गांव में स्कूल से चंद्रयान -3 की लैंडिंग देखकर वापस आ रही छात्राओं से छेड़खानी के प्रकरण की एएसपी पूर्वी विद्यासागर मिश्र, सीओ सिटी करिश्मा गुप्ता के नेतृत्व में एसओ अंतू समेत पुलिस अधिकारी जांच कर रहे हैं। अज्ञात आरोपितों व उनके परिवार से पूछताछ की जाएगी, जबकि नामजद किए गए तीनों आरोपित समेत अन्य भी अधिकांश अपने घर से भाग गए हैं। पुलिस ने प्राथमिक सूचना को गंभीरता से नहीं लिया। तहरीर पाने पर भी वह टालमटोल करती रही। डरी छात्राएं और आठ अन्य छात्र स्कूल आने को तैयार नहीं हो रहे हैं। परिजन भी आक्रोशित हैं।
लड़कियों के परिवार के लोगों की ओर से गांव के प्रधान कुंवर बहादुर सामने आए। इस मामले में ग्राम प्रधान की तहरीर पर शुक्रवार देर रात आरोपित बंटी के पुत्र, अनीश खान के पुत्र, असलम के पुत्र और 17 अज्ञात लड़कों के नाम छेड़छाड़, धमकी, गाली- गलौज, एससी-एसटी एक्ट का मुकदमा दर्ज किया गया है। अब तक आरोपितों के नाम का पता नहीं चला है। तहरीर में बताया गया है कि आरोपितों ने सरेराह लड़कियों का दुपट्टा खींचा था और धमकी दी थी कि इधर से गुजरना है तो उनकी बात माननी होगी। जाति सूचक गाली भी दी।
वहीं शनिवार को पुलिस की निगरानी में छात्राएं स्कूल पहुंची। प्रथम दृष्टया लापरवाही मिलने पर एसपी सतपाल अंतिल ने तत्कालीन एसओ सुनील यादव को लाइन हाजिर कर दिया। एएसपी पूर्वी विद्यासागर मिश्र ने बताया कि के दर्ज करने के बाद अब आरोपितों की पहचान कराई जा रही है। गिरफ्तारी के लिए दो टीमें लगी हैं।
ये भी पढ़ें -मदुरै घटना से रेलवे विभाग सतर्क, प्रयागराज में चलाया अभियान
