लखनऊ : केजीएमयू में इलाज के लिए दो दिन बच्चे को लेकर भटकते रहे परिजन
लखनऊ, अमृ़त विचार। ढेरों कवायदों के बाद भी व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही है। एक माह के बच्चे को केजीएमयू में दो दिन तक इलाज नहीं मिल पाया। मामला मीडिया में आने के बाद केजीएमयू के सीएमएस डॉ.एसएन.शंखवार ने बच्चे को भर्ती कराने का वादा किया है।
दरअसल, लखनऊ निवासी अखिलेश ने बताया कि उनका भांजा जो अभी एक महीने का है। उसके पैर में गैंग्रीन हो गई है। उसके इलाज के लिए किंगजार्ज मेडिकल चिकित्सा विश्वविद्यालय के ट्रामा सेंटर में लाये थे। केजीएमयू में दो दिन तक सिर्फ इस विभाग से उस विभाग में चक्कर काटना पड़ा, लेकिन बच्चे को इलाज नहीं मिल पाया। बताया जा रहा है कि बच्चे को रायबरेली स्थित एम्स से इलाज के लिए केजीएमयू रेफर किया गया था।
परिजनों का आरोप है कि दर्द से बच्चा परेशान था, लेकिन सुबह से लेकर शाम तक केजीएमयू के ट्रामा सेंटर में सिर्फ दौड़ाने का काम होता रहा। शनिवार देर शाम केजीएमयू के सीएमएस डॉ.एसएन.शंखवार ने इलाज दिलाने की बात कही। उसके कुछ देर बाद केजीएमयू स्थित प्लास्टिक सर्जरी विभाग के डॉक्टर ने फोन कर परिजनों को बुलाया है। परिजनों का कहना है कि प्लास्टिक सर्जरी विभाग के डॉक्टर ने बच्चे को भर्ती कर इलाज देने की बात कही है।
ये भी पढ़ें -प्रतापगढ़ : सरकारी अस्पतालों में बाहर की दवा और जांच पर रोक
