रामपुर: झोलाछाप के गलत इंजेक्शन से महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम
टांडा, अमृत विचार। झोलाछाप के गलत इंजेक्शन लगाने से महिला की हालत बिगड़ गई। परिजन महिला को आनन फानन में जिला अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत्यु घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर से झोलाझाप क्लिनिक बंद कर मौके से फरार हो गया। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के परिजनों ने चौकी सैदनगर में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना टांडा अंतर्गत ग्राम नवीगंज फैजगंज निवासी चंद्रपाल सिंह अपनी पत्नी बेबी रानी (50) को साथ लेकर पोती की दवाई दिलाने ग्राम नसीमगंज निवासी झोलाछाप के सींगनी स्थित क्लीनिक पर गया था। झोलाछाप के क्लीनिक पर पहुंचने के बाद महिला ने शरीर दर्द होने की बात कही। डॉक्टर ने महिला की पोती को दवाई देने से पहले महिला का उपचार शुरू कर दिया। उसने महिला से कहा कि आपको इंजेक्शन लगाना पड़ेगा। महिला और उसके पति ने इंजेक्शन को मना किया।
आरोप है कि मना करने के बावजूद झोलाछाप ने महिला के इंजेक्शन लगा दिया। बताते हैं कि कुछ देर बाद ही महिला को उल्टी आई और महिला वहीं क्लीनिक पर बेहोश होकर गिर गई। महिला के बेहोश होने पर झोलाछाप के हाथ पांव फूल गए। आनन-फानन में महिला को जिला अस्पताल ले गए जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर से झोलाछाप भी मौके से तुरंत क्लीनिक बंद कर फरार हो गया। सूचना पर चौकी सैदनगर पुलिस जिला अस्पताल पहुंच गई और मृतका के पति के बयान नोट किए। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
झोलाछाप के इंजेक्शन से महिला की मौत का मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। अगर, किसी व्यक्ति द्वारा शिकायत की जाती है। मामले में जांच करवाई जाएगी। - एसपी सिंह, सीएमओ।
ये भी पढे़ं- रामपुर : धारा-144 लागू होते हुए आजम खां ने कर दिया ये ऐलान, चप्पे-चप्पे पर तैनात हो गई पुलिस
