लखनऊ: स्कूल जा रही शिक्षिका से बाइक सवार बदमाशों ने की लूट, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
लखनऊ/काकोरी, अमृत विचार। दुबग्गा थानाक्षेत्र अन्तर्गत दशहरी गांव के समीप स्वतंत्रता दिवस की सुबह ई-रिक्शा सवार शिक्षिका का बाइक सवार लुटेरों ने पर्स छीन लिया था। पर्स में मोबाइल समेत सात हजार की नगदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज थे। इसके बाद शिक्षिका ने सम्बन्धित थाने में सूचना दी, लेकिन पुलिस ने घटना के दस दिन बाद मुकदमा दर्ज किया है।
चौक कोतवाली क्षेत्र निवासी ताहिरा आशिफ दशहरी स्थित सेंट क्लेयर स्कूल में शिक्षिका हैं। बीते 15 अगस्त की सुबह ताहिरा ई रिक्शा से स्कूल जा रही थी। फेडरल बैंक के समीप पीछे से बाइक सवार दो लुटेरों ने झपट्टा मारकर पर्स छीन लिया और हरदोई की तरफ भाग निकले।
पर्स में सात हजार रुपये मोबाइल चश्मा और स्कूल के जरूरी कागजात थे। शिक्षिका ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को दी थी। प्रभारी निरीक्षक दुबग्गा अभिनव वर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ: स्कूल प्रबंधक ने भाई की हत्या के मामले चार के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा
