लखनऊ: करीब 22 साल पहले राजस्व टीम पर किया था हमला, अब हुए गिरफ्तार
लखनऊ, अमृत विचार। एक दशक पूर्व राजस्व की टीम पर हमला करने वाले 11 किसानों को अंतत: बूढ़ा होने के बाद शनिवार को निगोहां पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ कोर्ट की ओर से गैर जमानती वारंट जारी किया गया था।
गिरफ्तार आरोपियों में गोड़ियनखेड़ा के ही रहने वाले मुकेश (44), उसका सगा भाई उमेश (41), रामदास (62) व उसका छोटा भाई बजरंग प्रसाद (60), पूनवासी (61), मुन्नालाल (52), रामचंद्र (55), श्री किशन (47), मदारी (52), राम बहादुर (80) व हरीशंकर (42) शामिल हैं।
वसूली करने पहुंची राजस्व की टीम पर किया था पथराव
निगोहां प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि वर्ष 1999 में गोड़ियनखेड़ा गांव में वसूली करने पहुंची राजस्व विभाग की टीम का ग्रामीणों ने घेराव कर लिया था। ग्रामीणों ने टीम के सदस्यों को बुरी तरह दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, वाहन क्षतिग्रस्त कर दिया था और पथराव किया था। जिसमें राजस्व टीम के कई कर्मचारी घायल हो गये थे।
मामले को लेकर इन 11 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामला कोर्ट में चल रहा था। कोर्ट की ओर से कई बार आरोपियों को पेशी पर बुलाया गया, पर वे नहीं आए। इसके बाद कोर्ट की ओर से आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी किया गया था। जिसके बाद सभी 11 आरोपियों को शनिवार को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ: स्कूल प्रबंधक ने भाई की हत्या के मामले चार के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा
