बरेली: स्कूल खोलने की तैयारियों को लगा झटका, अभिभावकों में खुशी
बरेली,अमृत विचार। कोरोना संक्रमण के बीच स्कूल खुलने के आदेश के बाद स्कूलों ने तैयारियां तेज कर दी थीं, लेकिन गुरुवार को उनकी सभी तैयारियां धरी रह गईं। शासन की ओर से 21 सितंबर से स्कूलों को खोलने की अभी तक अनुमति नहीं दी गई है। स्कूलों को खोलने पर अभी भी रोक लगी हुई …
बरेली,अमृत विचार। कोरोना संक्रमण के बीच स्कूल खुलने के आदेश के बाद स्कूलों ने तैयारियां तेज कर दी थीं, लेकिन गुरुवार को उनकी सभी तैयारियां धरी रह गईं। शासन की ओर से 21 सितंबर से स्कूलों को खोलने की अभी तक अनुमति नहीं दी गई है। स्कूलों को खोलने पर अभी भी रोक लगी हुई है। वहीं, अभिभावक संघों और अभिभावकों में शासन के इस फैसले से खुशी है। उनका कहना है कि सरकार ने लोगों की समस्याओं को देखकर फैसला लिया है।
शासन की ओर से स्कूलों को खोलने की अनुमति नहीं मिलने के बाद अभिभावक संघों का कहना है कि उनकी बात आखिर शासन ने मान ही ली। पैरेंट्स फोरम के कन्वीनर मोहम्मद खालिद जीलानी ने बताया कि 21 सितंबर से स्कूलों को खोलने की योजना को स्थगित करने का शासन का विद्यार्थियों के स्वास्थ्य के लिए एक दूरदर्शी फैसला है।
इस फैसले का वह स्वागत करते हैं। वहीं, अभिभावक संघ के अध्यक्ष अंकुर सक्सेना का कहना है कि जब से स्कूल खोलने की बात कही गई थी, तब से अभिभावक संघ इसका विरोध कर रहा था। उन्हें खुशी है कि शासन ने इस पर संज्ञान लिया। अभी स्कूलों को खोलना खतरे से खाली नहीं है।
वहीं, इंडिपेंडेंट स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष पारुष अरोरा का कहना है कि स्कूल संचालकों ने स्कूल खोलने की तैयारियां तेज कर दी थी। मगर आदेश के बाद झटका लगा है। एक उम्मीद टूटी है। वहीं, अभिभावक और छात्र-छात्राएं भी खुश नजर आए।
