Banda Crime : प्रेमी से मिलकर पत्नी ने कराई थी पति की हत्या, जेल में रहने के दौरान हो गए थे प्रेम-संबंध
बांदा में प्रेमी से मिलकर पत्नी ने कराई थी पति की हत्या।
बांदा के बिसंडा थाना क्षेत्र के कैरी गांव में हुई हत्या की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया। मृतक की पत्नी ने ही प्रेमी से पति की हत्या कराई थी।
बांदा, अमृत विचार। बिसंडा थाना क्षेत्र के कैरी गांव में घर के आंगन में गोलियों से छलनी कर हुई युवक की निर्मम हत्या का पुलिस ने घटना के तीन दिन बाद रविवार को खुलासा कर दिया। खुलासे के दौरान पुलिस ने बताया कि मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कराई थी। हत्यारोपी पत्नी, उसके प्रेमी और एक ग्रामीण को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है। उसकी तलाश की जा रही है।
कैरी गांव निवासी बालकरन (45) हीरालाल पटेल ने वर्ष 2005 में पड़ोस में रहने वाले राजाराम पटेल की गोली मार कर हत्या कर दी थी। इस मामले में न्यायालय ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। तकरीबन 18 वर्ष बाद सजा काटकर बालकरन जनवरी 2023 में जेल से बाहर आया। जेल से छूटने के बाद वह अपनी पत्नी के साथ घर में रहकर जीवन यापन करने लगा।
23 अगस्त की रात जब वह घर के बरामदे में सो रहा था, तभी अज्ञात लोगों ने घर के आंगन में उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए थे। एसपी अंकुर अग्रवाल ने हत्या का खुलासा करने के निर्देश मुकामी थाना पुलिस को दिए थे। घटना के तीन दिन बाद ही रविवार को पुलिस ने हत्याकांड का खुालासा कर दिया।
पुलिस लाइन सभागार में मीडिया से रूबरू होते हुए एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि जेल में बालकरन के सजा काटने के दौरान उसकी पत्नी के राजाराम के भाई राजकुमार से अवैध संबंध हो गए थे। जेल से छूटने के बाद बालकरन जब घर आया तो पति और पत्नी के बीच विवाद होने लगा। इसका कारण भी राजकुमार से अवैध संबंध ही थे। इससे मृतक बालकरन की पत्नी परेशान रहने लगी।
घटना वाले दिन बालकरन चटाई में सो रहा था। तभी मृतक की पत्नी ने फोन करके प्रेमी राजकुमार को बुलाया। राजकुमार अपने दो अन्य साथियों के साथ घर पहुंचा और बालकरन को तीन गोलियां मारकर हत्या कर दी। बिसंडा थाना पुलिस ने मामले की तहकीकात करते हुए मृतक की पत्नी संतोषिया, उसके प्रेमी राजकुमार पटेल और पड़ोसी रामनरेश पटेल उर्फ पंचा को गिरफ्तार कर लिया। राजकुमार का भतीजा अभी पुलिस पकड़ से बाहर है।Banda Crime : प्रेमी से मिलकर पत्नी ने कराई थी पति की हत्या, जेल में रहने के दौरान हो गए थे प्रेम-संबंध
