Kanpur: पुराने की जगह लगने लगे स्काडा के नए पैनल, अब भविष्य में लोगों को बिजली के लिए नहीं होना पड़ेगा परेशान
कानपुर में पुराने की जगह लगने लगे स्काडा के नए पैनल।
कानपुर में पुराने की जगह स्काडा के नए पैनल लगने लगे। सरसैया घाट के सभी फीडर की सुबह से शाम तक बिजली गुल रही।
कानपुर, अमृत विचार। स्काडा सिस्टम से सबस्टेशनों को जोड़ने का काम शहर में शुरू हो गया है। रविवार को सरसैया घाट सब स्टेशन से जुड़े फीडरो की बिजली सुबह से लेकर शाम तक गुल रही, क्योंकि फीडर क्षेत्रों में लगे पुराने पैनल की जगह नए पैनल लगाने का काम किया गया। ताकि भविष्य में क्षेत्र के लोगों को बिजली के लिए अधिक परेशान न होना पड़े।
विकास नगर में सुपरवाइजरी कंट्रोल एंड डाटा एक्टिवजिशन (स्काडा) सिस्टम स्थापित किया गया है। इस सिस्टम से पहले चरण में शहर के 14 सब स्टेशनों को जोड़ा गया है। इसके बावजूद भी इन उपकेंद्रों में बिजली की समस्या केस्को के अधिकारियों को देखने की मिल रही है। केस्को के अधिकारियों ने इससे निपटने के लिए पूराने पैनलों को बदलने की योजना बनाई है, जिसके तहत रविवार को सरसैया घाट सब स्टेशन से जुड़े सभी फीडर क्षेत्रों की बिजली सुबह आठ बजे लेकर शाम छह तक गुल रही है।
बिजली न आने की वजह से जिला न्यायालय, डीएम कम्पाउंड, पुलिस लाइन, डायल 100, जिला कारागार, तहसील सदर, जेड स्क्वायर मॉल, भार्गव स्टेट, चंदू बाबू का हाता, सिविल लाइन व सरसैया घाट क्षेत्र के लोगों व अधिकारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बिजली कटौती के संबंध में केस्को अधिशासी अभियंता (वितरण) प्रशांत कुमार ने संबंधित सरकारी व गैर सरकारी कार्यालयों के अधिकारी को वैकल्पिक व्यवस्था करने के लिए पत्र भेजा था। वहीं, अहिरवां सबस्टेशन के रूमा क्षेत्र में 12 घंटे बिजली गुल रही।
इसके अलावा शारदा नगर, शास्त्री नगर, विकास नगर, बर्रा, गुजैनी समेत 20 से अधिक मोहल्लों में बिजली की समस्या से लोगों को जूझना पड़ा। केस्को मीडिया प्रभारी श्रीकांत रंगीला ने बताया कि सरसैया घाट में स्काडा सिस्टम के तहत पुराने पैनल की जगह नए पैनल लगाने का काम किया गया। ताकि कम व अधिक वोल्टेज व ट्रिपिंग की समस्या न हो सके। फॉल्ट होने पर सयम पर जानकारी होगी और पूरे मोहल्ले की जगह कुछ घरों की ही बिजली कुछ देर के लिए बाधित होगी।
यहां नहीं आएगी आज बिजली
सोमवार को तिवारीघाट, भन्नापुरवा, आजाद नगर, अफीम कोठी, कराची खाना, सत्ती चौराहा, बर्रा गांव, गुजैनी, वरुण विहार, वैष्णवी विहार, श्याम नगर, मानस विहार, सुंदर नगर, कल्यानपुर के शंकर बिल्ड़िंग क्षेत्र, शिवाजी नगर, नवीन नगर व दयानंद विहार में बिजली का सितम लोगों को झेलना पड़ेगा। इनमें से कई क्षेत्रों में बिजली सात से आठ घंटे तक गुल रहेगी।
