देश में कोरोना के 95 हजार से अधिक नए मामले, 1,172 मौतें

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में दो दिन तक कुछ कमी रहने के बाद एक बार फिर सबसे बड़ी वृद्धि हुई है और पिछले 24 घंटों के दौरान पहली बार 95 हजार से अधिक आए मामले सामने आए जिससे संक्रमितों का आंकड़ा 44.65 लाख हो गया और इसी दौरान सबसे अधिक 1,172 …

नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में दो दिन तक कुछ कमी रहने के बाद एक बार फिर सबसे बड़ी वृद्धि हुई है और पिछले 24 घंटों के दौरान पहली बार 95 हजार से अधिक आए मामले सामने आए जिससे संक्रमितों का आंकड़ा 44.65 लाख हो गया और इसी दौरान सबसे अधिक 1,172 लोगों की इस संक्रमण से मौत भी हुई है।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से गुरुवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के रिकॉर्ड 95,735 नए मामलों के साथ संक्रमितों का आंकड़ा 44,65,864 हो गया। इस अवधि में 1,172 संक्रमितों की मौत होने से मृतकों की संख्या 75,062 हो गई। इस दौरान 72,939 मरीज स्वस्थ हुए हैं जिससे कोरोना से मुक्ति पाने वालों की संख्या 34,71,784 हो गई है।

स्वस्थ होने वालों की तुलना में संक्रमण के नए मामले अधिक होने से सक्रिय मामले 21,624 बढ़ कर 9,19,018 हो गए हैं। देश में सक्रिय मामले 20.58 प्रतिशत और रोगमुक्त होने वालों की दर 77.74 प्रतिशत है जबकि मृत्यु दर 1.68 प्रतिशत है।

कोविड-19 से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में सक्रिय मामलों की संख्या में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है और यह 9,291 बढ़कर 2,53,100 हो गयी तथा 380 लोगों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा 27,787 हो गया।

संबंधित समाचार