लखनऊ: गर्भवती को गोद में लेकर भटकता रहा पति, जांच के आदेश
लखनऊ, अमृत विचार। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोमवार को कानपुर डफरिन अस्पताल में गर्भवती महिला को स्ट्रेचर न मिलने की घटना पर कड़ी नाराजगी जाहिर की। स्ट्रेचर न मिलने की दशा में पति गर्भवती पत्नी को गोद में लेकर इमर्जेंसी तक गया। उप मुख्यमंत्री ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
दरअसल, कानपुर डफरिन अस्पताल की इमरजेंसी में पति गर्भवती पत्नी को गोद में लेकर भटकता रहा था। इसका वीडियो वायरल हुआ जिसका संज्ञान लेते हुए ब्रजेश पाठक ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल की प्रमुख चिकित्सा अधीक्षिका को जांच के आदेश दिए हैं। घटना के समय ड्यूटी पर तैनात दोषी चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए पूरी रिपोर्ट चार दिन में तलब की है।
चार डॉक्टर, सात कर्मचारियों का वेतन रोका
कानपुर देहात के जिला पुरुष चिकित्सालय की ओपीडी में समय पर डॉक्टरों की मौजूद न होने के प्रकरण पर उप मुख्यमंत्री ने बड़ी कार्रवाई की है। ब्रजेश पाठक के निर्देश पर अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक द्वारा चार चिकित्सकों एवं सात स्वास्थ्य कर्मियों का तत्काल प्रभाव से वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है। उधर, बिजनौर सीएमओ कार्यालय में भारतीय किसान यूनियन के सदस्यों के प्रदर्शन को भी डिप्टी सीएम ने गंभीरता से लिया है। यूनियन के समस्त बिन्दुओं के संबंध में तीन दिन के अन्दर सीएमओ से रिपोर्ट तलब की है।
यह भी पढ़ें:-उत्तर प्रदेश की प्रतिभाओं के लिए नया आसमान खोलेगी यूपी टी20 लीग : राजीव शुक्ला
