Kanpur: Chandrayaan-3 सड़क के गड्ढे भरने हुए शुरू, नामकरण को लेकर खूब हुई थी नगर निगम की किरकिरी, ऐसे समझे मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में चंद्रयान-3 सड़क के गड्ढे भरने शुरू किए।

कानपुर में बर्रा बाईपास से खाड़ेपुर मार्ग पर 42 छोटे-बड़े गड्ढे होने से नामकरण को लेकर नगर निगम की खूब किरकिरी हुई थी। फजीहत के बाद चंद्रयान-3 सड़क के गड्ढे भरने शुरू किए।

कानपुर, अमृत विचार। नगर निगम सदन में चंद्रयान-3 के नाम पर रखी गई कर्रही 80 फीट सड़क दुर्दशाग्रस्त होने की सोशल मीडिया पर फजीहत होने के बाद मरम्मत का काम सोमवार को शुरू कर दिया गया। तारकोल और मलबा डालकर सड़क के गड्ढे भरे गए। 

बर्रा बाईपास से खाड़ेपुर जाने वाली इस सड़क पर करीब छोटे-बड़े 42 गड्ढे हैं। नगर निगम के पहले सदन में चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर खुशी जाहिर करते हुए डिप्टी मेयर संतोष साहू के प्रस्ताव पर महापौर प्रमिला पांडेय ने इस सड़क का नाम चंद्रयान-3 के नाम पर रख दिया था।

महापौर ने पहले कहा था कि इसरो प्रमुख एस सोमनाथ के नाम पर सड़क का नामकरण होगा, लेकिन बाद में चंद्रयान-3 नाम पर सहमति बनी थी। बदहाल सड़क का नामकरण चंद्रयान-3 मार्ग होने पर लोगों ने जमकर मजाक उड़ाया था। सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तक ने सड़क की फोटो ट्वीट कर तंज कसा था। 

12 करोड़ रुपये होंगे खर्च

अब इस सड़क को बनाने में नगर निगम अपनी निधि से 12 करोड़ रुपये खर्च करेगा। नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन ने बताया कि सितंबर में सड़क के निर्माण के लिए टेंडर मांगे जाएंगे और अक्टूबर तक सड़क बना दी जाएगी।

 

संबंधित समाचार