कनपुरिया चोरों ने की ऐसी वारदात, हर कोई सोच कर हो गया दंग, केस्को ने बदले विद्युत पोल तो एलईडी उतार ले गए चोर
कानपुर में केस्को के विद्युत पोल बदलते ही चोर एलईडी उतार ले गए।
कानपुर में केस्को के विद्युत पोल बदलते ही चोर एलईडी उतार ले गए। नवाबगंज में एक दिन में कई पोल से एलईडी लाइटें गायब होने की पार्षद ने शिकायत की।
कानपुर, अमृत विचार। नवाबगंज में जर्जर पोल और लाइन बदलने के दौरान नगर निगम मार्ग प्रकाश विभाग की कई एलईडी लाइटें गायब हो गईं। सोमवार को क्षेत्रीय लोगों ने जब इसकी शिकायत पार्षद से की तो मामला सामने आया। निरीक्षण में पाया गया कि क्षेत्र में कई गलियों से एलईडी लाइटें गायब हैं। नगर निगम को मामले की जानकारी दी गई है।
केस्को आरडीएसएस योजना के तहत शहर में जर्जर पोल और बिजली की लाइनें बदल रहा है। सोमवार को नवाबगंज वार्ड में केस्को कर्मचारियों ने काम किया। क्षेत्रीय पार्षद महेंद्र पांडेय पप्पू ने बताया कि लोगों ने शिकायत कर बताया कि उनके क्षेत्र में पोल पर लगी एलईडी लाइटें गायब हो गई हैं। उन्होंने मौके पर जाकर देखा तो पीएनबी के पास कई पोल पर लगी एलईडी गायब थीं।
उन्होंने कहा कि केस्को के कर्मचारी ही पोल बदल रहे हैं, उनके अलावा कोई और पोल पर चढ़ा नहीं है। उन्होंने अंदेशा जताया कि केस्को के काम की आड़ में कोई अपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति एलईडी चोरी का काम कर रहा है। पार्षद ने मामले की जानकारी नगर निगम मार्ग प्रकाश विभाग को दी है।
