Banda Accident: ट्रैक्टर ने बाइक सवार को मारी टक्कर, दो चचेरे भाइयों की मौत, दो अन्य घायल, पढ़ें- पूरा मामला
बांदा में ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की मौत।
बांदा के कमासिन थाना क्षेत्र के पछौंहा गांव में ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। दुर्घटना कर भाग रहे चालक ने दो अन्य लोगों को भी टक्कर मार दी।
बांदा, अमृत विचार। खेत से घर आ रहे बाइक सवार दो चचेरे भाइयों को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी, जिससे दोनो की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके से भाग रहे ट्रैक्टर चालक को ग्रामीणों ने पकड़ने की कोशिश की। उन्हें भी टक्कर मार दी, जिससे दो युवक घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कमासिन थाना क्षेत्र के पछौंहा गांव निवासी बुद्धविलास (22) पुत्र जगनायक सोमवार की रात अपने चचेरे भाई अनिल (22) पुत्र मुकुवा के साथ खेत से बाइक लेकर घर लौट रहे थे। तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे बुद्धविलास बाइक से उछलकर पानी भरी खंती में जा गिरा। अनिल भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना के बाद मौके से भाग रहे टै्रक्टर चालक को पकड़ने के लिए गावं के दो युवक बीरबल (30) पुत्र अमरनाथ और देवकुमार (28) पुत्र कल्लू को भी टक्कर मार दी, जिससे वह लोग भी घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल लाया गया। वहां डाक्टरों ने बुद्धविलास को मृत घोषित कर दिया था। अनिल का उपचार किया गया। कुछ देर बाद अनिल ने भी दम तोड़दिया।
उधर देवकुमार को नाजुक हालत में लखनऊ रेफर कर दिया गया। मृतक बुद्धविलास के भाई शिवभवन ने बताया कि बुद्धविलास अनिल दोनो लोग हिमांचल प्रदेश में काम करते थे। दो दिन पहले ही यह रक्षाबंधन का त्योहार मनाने के लिए गांव आए थे। बुद्धविलास अविवाहित होने के साथ ही दो भाइयों में बड़ा था। उसकी मां संतोषिया की तबीयत खराब थी, उसी को देखने के लिए आया हुआ था।
वहीं अनिल चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। पिता किसानी करते हैं। दो भाई शिवभवन और राजकुमार अलग रहते हैं। अनिल की कमाई से घर का खर्च चलता था।
