बदायूं: ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटे की मौत
ओरछी, अमृत विचार। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद राजमार्ग के ओरछी चौराहे के पास ओवरटेक करते समय एक बाइक की ट्रैक्टर-ट्राली से भिड़ंत हो गई। बाइक सवार दूर जा गिरे। हादसे में बाइक सवार नौ महीने के मासूम की मौत हो गई जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के लिए महिला को निजी अस्पताल ले जाया गया।
जहां इलाज के दौरान महिला की भी मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। वहीं ट्रैक्टर-ट्राली को थाने पर खड़ा करा दिया है। चालक को हिरासत में लिया है।
मृतक महिला के चाचा ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना इस्लामनगर क्षेत्र के गांव ब्योर कासिमाबाद के मजरा ठेरिया निवासी अमन सागर पुत्र कुंवरपाल जिला मुरादाबाद के थाना बिलारी क्षेत्र के कस्बा निवासी अपनी बड़ी बहन के ससुर के तेरहवीं में शामिल होने बाइक से जा रहे थे। बाइक पर साथ में उनकी बहन सुरभि और पूजा पत्नी अंशू थी। पूजा की गोद में उसका नौ महीने का बेटा गोलू उर्फ आयांश भी था।
थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र में ओरछी चौराहे के शारदा होंडा एजेंसी के पास ट्रैक्टर-ट्राली को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान ट्रैक्टर चालक ने कट मार दिया। जिससे बाइक टकराई और बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। बाइक पर पीछे बैठी पूजा की गोद से गोलू उर्फ आयांश छिटककर राजमार्ग पर जा गिरा। उसकी मौके पर मौत हो गई।
जबकि उसकी मां पूजा गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल पूजा को ओरछी चौराहे के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उनकी परिजनों को सूचित किया। परिजन विलाप करते हुए मौके पर पहुंच गए। घायल पूजा को चंदौसी के निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां पूजा की भी मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि पूजा की शादी कोतवाली बिसौली क्षेत्र के गांव भानपुर निवासी अंशु के साथ दो साल पहले हुई थी। वह मजदूरी करने के लिए दिल्ली रहते हैं। पति के बाहर रहने की वजह से वह अक्सर मायके में ही रहती थी। पत्नी और बेटे की मौत के बाद अंशु दिल्ली से आ रहे हैं। बुधवार को शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। थानाध्यक्ष सिद्धांत शर्मा ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राली को मय चालक हिरासत में लिया गया है। शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
ये भी पढ़ें- बदायूं: जामा मस्जिद के याची को पाकिस्तान से मिली धमकी, सुरक्षा मुहैया कराने की मांग
