UP T-20 League: यूपी लीग के लिए बदला रहेगा यातायात, 100 सीसीटीवी कैमरों और दो ड्रोन से निगरानी, यहां ले पूरी जानकारी
कानपुर में यूपी लीग को लेकर आज से डायवर्जन रहेगा।
कानपुर में यूपी लीग को लेकर आज से डायवर्जन रहेगा। स्टेडियम में कड़ी सुरक्षा जांच के बाद प्रवेश मिलेगा। इसके साथ ही 100 सीसीटीवी कैमरों और दो ड्रोन से निगरानी भी हो रही है।
कानपुर, अमृत विचार। कानपुर में यूपी लीग को लेकर आज से डायवर्जन रहेगा। स्टेडियम में कड़ी सुरक्षा जांच के बाद प्रवेश मिलेगा। इसके साथ ही 100 सीसीटीवी कैमरों और दो ड्रोन से निगरानी भी हो रही है।
मैच के लिए बदला रहेगा यातायात
यूपी टी-20 क्रिकेट लीग के 30 अगस्त से लेकर 16 सितंबर तक होने वाले मैचों के लिए ग्रीनपार्क की तरफ जाने वाले मार्गों पर यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। मैच देखने के लिए आने वाले दर्शकों के लिए हर मार्ग पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
मर्चेंट चेंबर तिराहा से रहेगी रोक
कंपनीबाग से आने वाले वाहन मर्चेंट चेंबर तिराहा से आगे ग्रीन पार्क नहीं जा सकेंगे। ऐसे वाहन मर्चेंट चेंबर तिराहा से दाहिने मुड़कर सिलवर्टन चौराहा से बाएं मुड़कर एमजी कॉलेज चौराहा से आगे बाएं मुड़कर डीएवी तिराहे से वीआईपी रोड होते हुए पुलिस लाइन के रास्ते सरसैय्या घाट होते हुए गंतव्य को जा सकेंगे।
इसके अलावा मर्चेंट चेंबर तिराहा से वाहन दाहिने मुड़कर सिलवर्टन चौराहे से एमजी कॉलेज चौराहा के आगे पुलिस ऑफिस होते हुए चेतना चौराहा से व्यायामशाला तिराहा मार्ग होते हुए गंतव्य को जा सकेंगे। इसी तरह मर्चेंट चेंबर तिराहा से दाहिने मुड़कर सिलवर्टन चौराहा से एमजी कॉलेज चौराहा से दाहिने मुड़कर म्योरमिल तिराहा से बाएं मुड़कर भार्गव हॉस्पिटल होते हुए भी वाहन गंतव्य को जा सकेंगे।
मेघदूत तिराहे से वीआईपी रोड नहीं जा सकेंगे वाहन।
फूलबाग से आने वाले वाहन मेघदूत तिराहा से आगे वीआईपी रोड पर नहीं जा सकेंगे। ऐसे वाहन मेघदूत तिराहा से बड़ा चौराहा से बाएं मुड़कर कोतवाली चौराहा से दाहिने होते हुए सद्भावना चौराहा से परेड, कारसेट चौराहा से बाएं मुड़कर गंतव्य को जा सकेंगे।
सरसैया घाट से पुलिस लाइन जाने पर रोक
भगवतदास घाट तिराहा, एडीजी जोन आवास की तरफ से आने वाले वाहन सरसैया घाट चौराहा से आगे वीआईपी रोड पर नहीं जा सकेंगे। ऐसे वाहन सरसैया घाट चौराहा से बाएं मुड़कर चेतना चौराहा से बड़ा चौराहा, कोतवाली होते हुए जाएंगे।
मूलगंज से बड़ा चौराहा नहीं जाएंगे वाहन
मूलगंज की तरफ से आने वाले वाहन कोतवाली चौराहा से आगे बड़ा चौराहा की तरफ नहीं जा सकेंगे। ऐसे वाहन कोतवाली चौराहा से बाएं मुड़कर सद्भावना चौराहा से परेड, कारसेट चौराहा से बाएं मुड़कर गंतव्य को जाएंगे।
यहां पर रहेगी पार्किंग व्यवस्था
- फूलबाग से आने वाले वाहन डीएवी तिराहा के पास गैस गोदाम, जीएनके स्कूल ग्राउंड चेतना चौराहा के पास वाहन पार्क करेंगे।
- मूलगंज, परेड से आने वाले वाहन एमजी कॉलेज के पास मिल के खाली स्थान, नगर निगम इंटर कॉलेज एमजी कॉलेज चौराहा के पास वाहन खड़े करेंगे।
- कंपनी बाग से आने वाले वाहन मैकरॉबर्टगंज अस्पताल ग्राउंड, आनंदेश्वर मंदिर गेट के दोनों साइड टैफ्को तिराहे के पास और रैन बसेरा के सामने परमट में वाहन खड़े करेंगे। इसके अलावा जीआईसी कॉलेज ग्राउंड में लालइमली चौराहा के पास भी पार्किंग रहेगी।
पास धारक वाहनों की यहां पार्किंग
पास वाले दो व चार पहिया वाहन ग्रीन पार्क स्टेडियम के गेट नं 1 (ए) और गेट नं 11 (ए) से प्रवेश कर फुटबॉल ग्राउंड में वाहन पार्क करेंगे। वीआईपी पास वाले समस्त वाहन गेट नं10 (बी) से प्रवेश कर अंदर पार्किंग में वाहन खड़े करेंगे। मीडिया कर्मी अपने वाहन गेट नं 7(ए) से प्रवेश कर पार्किंग में खड़े करेंगे।
100 सीसीटीवी कैमरों और दो ड्रोन से निगरानी
प्रदेश में पहली बार ग्रीनपार्क में आयोजित होने वाली यूपी टी-20 को लेकर कमिश्नरेट पुलिस ने स्टेडियम से लेकर बाहर तक चाक चौबंद सुरक्षा इंतजाम किए हैं। आयोजन की पूर्व संध्या पर आला पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। मैदान के चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के लिए 100 सीसीटीवी कैमरों के साथ दो ड्रोन की व्यवस्था की गई है। स्टेडियम के अंदर और बाहर खुफिया पुलिस भी सक्रिय रहेगी।
बुधवार को उद्धाटन समारोह के बाद लीग के मैच शुरू होंगे, जो 16 सितंबर तक चलेंगे। मैचों की सुरक्षा के लिए 20 निरीक्षक, 150 उप निरीक्षक, 400 हेड कांस्टेबल, कांस्टेबल व महिला कांस्टेबल तैनात की गई है। बड़ी संख्या में पुलिस बल रिजर्व में भी रखा गया है।
मैदान के अंदर सुरक्षा व्यवस्था चार सेक्टर में बांटी गई है। मैदान के बाहर वाले रास्तों की भी निगरानी होगी। कोई भी व्यक्ति मैदान में बिना चेकिंग और उचित टिकट के दाखिल नहीं होगा। कोई भी व्यक्ति कोई वस्तु जिसे मैदान में फेंका जा सके उसे नहीं ले जा सकेगा स्टेडियम के सभी प्रवेश द्वारों पर बैरिकेडिंग लगा दी गई है।
