लखीमपुर-खीरी: 30 मिनट तक हुए धमाकों से मैरिज लॉन की छत व टिनशेड उड़ी, कोई हताहत नहीं 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। पसगवां कोतवाली के बरखेरिया जाट गांव मंगलवार की आधी रात धमाकों से गूंज उठा। गांव स्थित एक मैरिज लॉन में रखे पटाखों में अज्ञात कारणों से आग लग गई। इससे करीब 30 मिनट तक धमाके होते रहे। इससे पूरा गांव दहल उठा। धमाके में मैरिज लान के तीन कमरे क्षतिग्रस्त हो गए।

टिनशेड भी उड़ गई। वहां खड़ी दो कारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। मौके पर पहुंची फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को बारूद के कण मिले हैं। हादसा रात करीब दस बजे के बाद हुआ। कसबा जंगबहादुर गंज निवासी कृष्ण कुमार का बरखेरिया जाट गांव  में मैरिज लॉन है। जिसमें वैवाहिक समारोह के आयोजनों के लिए कुछ पटाखे रखे हुए थे।

मंगलवार की रात अचानक पटाखों में आग लग गई, जिससे तेज धमाके होने लगे। करीब 30 मिनट तक एक के बाद एक धमाका होने से लोग दहल उठे। धमाके इतनी तेज हुए कि मैरिज लॉन के तीन कमरों की छत ढह गई। पास में पड़ा टिनशेड उड़ गया। लॉन में खड़ी दो कारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। धमाके के बाद अफरा तफरी मच गई।

गांव के लोग सहम गए। मैरिज लॉन में धुंआ ही धुंआ भरा हुआ था। आस पास के कई मकानों की दिवालें तक हिल गई। मौके पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। सूचना पर सीअो मोहम्मदी अरविंद कुमार वर्मा, पसगवां प्रभारी निरीक्षक इंद्रजीत सिंह और जेबीगंज चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके पर छानबीन की।

मैरिज लॉन के मालिक का कहना है कि उत्सव के लिए कुछ आतिशबाजी गोदाम में रखी हुई थी, जिसमें बिजली से शार्ट सर्किट होने के कारण आग लगी और हादसा हुआ है।

मैरिज लॉन में पटाखे रखे हुए थे, जिसमें आग लगने से हादसा हुआ है। प्रथम दृष्टया आग शार्ट सर्किट से लगने की बात सामने आ रही है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। 
-अरविंद कुमार वर्मा, सीओ मोहम्मदी

संबंधित समाचार