शाहजहांपुर: नगर निगम ने ठेका कंपनी को हटाया, अब कूड़ा उठाना चुनौती

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

समय से पैसा जमा न करने, कर्मियों का वेतन न देने में कंपनी पर कार्रवाई

शाहजहांपुर, अमृत विचार। 80 हजार घरों से कूड़ा उठाने वाली ट्रिपल एम इंडिया कंपनी का ठेका नगर निगम ने रद्द कर दिया है। जिसके चलते सफाई-व्यवस्था चरमराने की आशंका पैदा हो गई है। घरों से कूड़ा उठाने की जिम्मेदारी नगर निगम के कर्मचारियों को दी गई है, लेकिन अचानक इतनी बड़ी संख्या में घरों से कूड़ा उठाने में कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। कुछ दिन तक घरों से कूड़ा उठान प्रभावित होने की बात कही जा रही है। नगर निगम को नई व्यवस्था को पूरी तरह पटरी पर लाने में कुछ समय लग सकता है।

बीते दिनों ट्रिपल एम इंडिया कंपनी के सफाई कर्मचारी हड़ताल पर चले गए थे। कर्मचारियों ने बताया था कि नगर निगम ने ट्रिपल एम इंडिया कंपनी को घरों से कूड़ा उठाने का ठेका दिया है। कंपनी की ओर से लगभग ढाई सौ कर्मचारियों को 80 हजार घरों से कूड़ा उठाने के लिए लगाया गया था।

कई महीने से कर्मचारियों को वेतन, पीएफ और ईएसआई को लेकर परेशानी हो रही थी। कर्मचारी इस संबंध में कई बार नगर आयुक्त और एक बार मेयर अर्चना वर्मा को ज्ञापन दे चुके थे। इसके बाद भी उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो सका था।

कर्मचारियों की सबसे बड़ी समस्या समय से वेतन न मिलना थी और उसी का समाधान नहीं हो पा रहा था। नगर आयुक्त को ज्ञापन देकर सफाई कर्मचारियों ने बताया था कि नगर निगम में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए ट्रिपल एम इंडिया कंपनी द्वारा करीब 250 कर्मचारियों को अगस्त 2022 से लगाया गया था।

शासनादेश अनुसार कर्मचारियों का 12 प्रतिशत पीएफ का पैसा कर्मचारियों के खाते से कटेगा व 13 प्रतिशत कंपनी के द्वारा प्रत्येक कर्मचारी के पीएफ खाते में जमा कराया जाएगा, कंपनी ने कर्मचारियों का पीएफ व ईएसआई का पैसा काटा तो, लेकिन किसी भी कर्मचारी का पैसा जमा नहीं किया गया।

कंपनी के द्वारा कर्मचारियों के साथ धोखाधड़ी की गई। ऐसा प्रतीत होता है कि कंपनी कर्मचारियों का पैसा हड़पना चाहती है। इन सभी समस्याओं को लेकर ट्रिपल एम इंडिया कंपनी के कर्मचारियों ने नगर निगम में प्रदर्शन किया था और हड़ताल पर चले गए थे। इसके बाद नगर आयुक्त ने अपने कार्यालय में बैठक कर कर्मचारियों को अश्वासन दिया था कि जल्द से जल्द मानदेय का पैसा आ जाएगा और ठेका सफाई कर्मियों को पेरशान नहीं होना पड़ेगा।

सफाई कर्मियों का मानदेय आया
उत्तर प्रदेश सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री प्रदीप वाल्मीकि ने बताया कि नगर निगम की ओर से सफाई कर्मियों के मानदेय का पैसा भेज दिया गया है। बीते दिनों नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा के साथ हुई बैठक में कहा गया था कि जल्द से जल्द सफाई कर्मियों का मानदेय आ जाएगा।

इसके बाद सफाई कर्मी काम पर चले गए थे। अब निगम ने अपना वादा निभाते हुए मानदेय का पैसा भेज दिया है। उन्होंने कहा कि ठेका कंपनी ट्रिपल एम इंडिया ने पीएफ व ईएसआई में भी गड़बड़ी की है। इस संबंध में कार्रवाई करने के लिए सफाई कर्मचारी विचार कर रहे हैं।

ट्रिपल एम इंडिया कंपनी समय से न तो पैसा घरों से वसूल पा रही थी और न निगम के पास पैसा जमा कर पा रही थी। इसके अलावा कंपनी पर पीएफ व ईएसआई के पैसे में भी गड़बड़ी करने का आरोप है। इन आरोपों के चलते कई बार सफाई व्यवस्था प्रभावित हो चुकी थी। सफाई कर्मी हड़ताल कर चुके थे। इन कारणों के चलते अधिकारियों ने ट्रिपल एम इंडिया कंपनी को हटाने का निर्देश दिया था। जिसके आधार पर कंपनी को नोटिस दिया गया था। फिर भी बात नहीं बन सकी। अब कंपनी को हटा दिया गया है---डॉ. मनोज मिश्रा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: अज्ञात वाहन ने बाइक में मारी टक्कर, भाई की मौत...बहन घायल

संबंधित समाचार