Rakshabandhan 2023 : भाई की कलाई पर बांधी राखी, लिया रक्षा का वचन

Amrit Vichar Network
Published By Jagat Mishra
On

रोडवेज बसों में बहनों के लिए फ्री सेवा के कारण रही जबर्दस्त भीड़ 

रायबरेली, अमृत विचार। शहर सहित क्षेत्र में गुरुवार को रक्षा बन्धन का पर्व उत्साह से मनाया गया। बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर लम्बी उम्र की कामना की तो भाइयों ने भी बहनों के रक्षा का संकल्प दोहराया। क्षेत्र में रक्षा बंधन को लेकर गुरुवार सुबह से ही उत्साह का माहौल रहा। इस बार बुधवार शाम से रक्षा बंधन का मुहूर्त होने के कारण एक दिन पहले से ही राखी बांधने का सिलसिला शुरू हो गया था।

रक्षाबंधन के लिए बहनें बुधवार से ही पीहर पहुंचनी शुरू हो गई थी। गुरुवार को भी कई बहनें अपने पीहर पहुंची। बहनों ने भाईयों को राखी बांधकर लंबी उम्र की कामना की। रक्षा बंधन को लेकर बच्चों में भी उत्साह रहा। छोटी बालिकाओं ने भी अपने भाईयों को राखियां बांधी। कई महिलाओं के पीहर नहीं आने पर उनके भाईयों ने वहीं जाकर राखी बंधवाई। रक्षा बंधन के चलते शहर में भी चहल-पहल अधिक रही। राखियों के साथ मिठाइयों की खरीद भी हुई। 

रक्षा बंधन पर महिलाओं के राखी बांधने जाने से रोडवेज बसों के साथ निजी बसों में भी दिनभर भारी भीड़ रही। रोडवेज की ओर से रक्षा बंधन पर  महिलाओं को निशुल्क यात्रा करवाई गई। ऐसे में रोडवेज बसों में पैर रखने की जगह नहीं रही। बसों में क्षमता से अधिक सवारियों ने यात्रा की। ऐसी ही हालत निजी बसों की भी रही। क्षेत्र में कई मार्गों पर प्राइवेट बसों का ही संचालन होता है। रक्षा बंधन पर इन बसों में  भारी भीड़ रही। ऐसे में महिलाओं को सफर करने में परेशानी उठानी पड़ी। 

जिला जेल में भी रक्षा बंधन मनाया गया। जेल में बंद कैदियों को उनकी बहनों ने पहुंचकर राखियां बांधी। ऐसे में कई भावुक क्षण भी आए, जब भाई-बहन की आंखें नम हो गईं। रक्षा बंधन पर कैदियों के राखी बांधने उनकी बहनों के पहुंचने से जेल में  चहल-पहल रही।

ये भी पढ़ें -सीएम योगी ने दी विश्व संस्कृत दिवस की बधाई, लिखा Tweet

संबंधित समाचार