संभल : मातम में बदली रक्षाबंधन की खुशियां, घर लौट रहे तीन लोगों की सड़क हादसे में मौत...चार गंभीर
बहजोई/संभल/अमृत विचार। रक्षाबंधन के त्योहार पर नोएडा से अपने घर बहजोई के गांव सीकरी भगवंतपुर लौट रहे ग्रामीणों के टेंपो में बुलंदशहर के जहांगीराबाद में ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे टेंपो में सवार तीन ग्रामीणों की मौत हो गई जबकि चार गंभीर रूप से घायल हैं।
बहजोई के गांव भगवानपुर सीकरी निवासी राजू , दानवीर , मोनू , सुरेश , मूलचंद व मोहित नोएडा में रहकर रोजी-रोटी कमा रहे थे। रक्षाबंधन के त्योहार पर वह थाना राजपुरा के गांव मुटेना निवासी राजू के टेंपो में सवार होकर अपने गांव वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनका टेंपो जनपद बुलंदशहर के थाना जांगीराबाद के निकट पहुंचा तो टेंपो में सामने से ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में टेंपो के परखच्चे उड़ गए। वहीं टेंपो सवार सभी गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि राजू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। टेंपो चालक राजू व दानवीर की उपचार के दौरान मौत हो गई । गंभीर घायल सुरेश, मूलचंद, मोहित व मोनू को मुरादाबाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जहांगीराबाद पुलिस ने टक्कर मारने वाले ट्रक चालक व ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
एक ही गांव के दो लोगों की मौत से मातम
बहजोई। पोस्टमार्टम के बाद राजू व दानवीर के शव जैसे ही गांव सीकरी भगवंतपुर पहुंचे तो मौके पर दर्जनों ग्रामीण की भीड़ एकत्रित हो गई। वहीं शव पहुंचने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ था। ग्रामीणों का कहना था कि रक्षाबंधन के त्योहार पर दोनों ही रक्षाबंधन का त्यौहार मनाने आ रहे थे। अब उनकी मौत के बाद पूरे गांव में रक्षाबंधन की खुशियां मातम में तब्दील हो गई है।
जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे घायल
बहजोई। संभल जिले के जिला अस्पताल से गंभीर हालत में मोनू , सुरेश , मूलचंद व मोहित को गंभीर हालत में मुरादाबाद के जिला अस्पताल में रेफर किया गया। जहां पर उनका अभी उपचार चल रहा है। वह अब भी जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ रहे हैं। परिजनों ने बताया कि गांव के काफी लोग मुरादाबाद के जिला अस्पताल पर हैं। अब रक्षाबंधन का त्यौहार तो गांव में नहीं मनाया जा रहा है केवल घायलों के सकुशल बचने की कामना की जा रही है।
ये भी पढ़ें : संभल: बस का इंतजार कर रहे मजदूर को ट्रक ने रौंदा, मौत
