लखीमपुर खीरी: बुर्जुग के हाथ पर झपट्टा मारकर उचक्का नौ हजार रुपये छीन कर फरार 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। लखीमपुर खीरी जिले के कसबा सिंगाही की साप्ताहिक बाजार में गुरुवार को आए एक बुजुर्ग के हाथ पर उचक्के ने झपट्टा मार दिया और नौ हजार रुपये लेकर भाग निकला।

दिनदहाड़े भीड़भाड़ के बीच हुई घटना से दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बुजुर्ग से पूछताछ करने के बाद उचक्के की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। पीड़ित ने सिंगाही पुलिस को खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।

 थाना सिंगाही क्षेत्र के गांव चिरकुआ निवासी बंधा (68) गुरुवार की दोपहर सिंगाही की साप्ताहिक बाजार में आया था। बंधा ने बताया कि उसके पास 16 हजार रुपये थे। यह रुपये एक परिचित को देने थे।

दोपहर करीब 12 बजे वह प्रदीप पुरवार के घर के पीछे गली में पहुंचे और रुपयों के बीच में रखा फटा नोट निकालने लगे। इसी बीच आए एक युवक ने हाथ पर झपट्टा मार दिया और नौ हजार रुपये छीनकर भाग गया। घटना के बाद उन्होंने शोर मचाया।

लोग कुछ समझ पाते। इससे पहले ही उचक्का आंखों से ओझल हो गया। घटना के बाद बाजार सहित पूरे कस्बे में सनसनी फैल गई। सूचना पर एसआई संजीत कुमार तिवारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित बुर्जुग से घटना की जानकारी ली और उचक्के की तलाश कराई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका है। पीड़ित ने घटना की तहरीर सिंगाही पुलिस को दी है। 

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई फुटेज 
दो दिन पहले ही नगर में नगर पंचायत की तरफ से सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो एक कैमरे में युवक की फुटेज कैद हुई है। पुलिस ने उसकी पहचान भी कर ली है। वह नगर का ही रहने वाला है। पहचान होने के बाद पुलिस आरोपी के घर पहुंची और तलाशी ली, लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं आया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। 

नोटों के वीच में एक पांच सौ का नोट रखा था, जो फटा था। बुर्जुग उस नोट को निकाल रहा था। इसी बीच बदमाश ने झपट्टा मार दिया और उसमें से नौ हजार रुपये लेकर भाग गया है। पीड़ित की तहरीर मिली है। आरोपी की पहचान कर ली गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 
- शिवाजी दुबे, एसओ सिंगाही

ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में किसी भी समय हो सकते हैं चुनाव, फैसला निर्वाचन आयोग लेगा: केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट से कहा

संबंधित समाचार