मुरादाबाद: अब बकायेदारों के दरवाजे पर पहुंचेगी टीम, सील होंगे प्रतिष्ठान

Amrit Vichar Network
Published By Priya
On

कर वसूली को निगम प्रशासन करेगा सख्ती, छूट की समयसीमा समाप्त, 31 अगस्त तक गृहकर, जलकर जमा करने पर निगम प्रशासन दे रहा था 10 प्रतिशत की छूट

मुरादाबाद, अमृत विचार।  45 करोड़ रुपये के गृहकर, जलकर वसूली के लिए बकायेदारों के दरवाजे पर नगर निगम की टीम पहुंचेगी। बड़े बकायेदारों के प्रतिष्ठान सील किए जाएंगे। छूट की समयसीमा 31 अगस्त को समाप्त होने के बाद निगम प्रशासन सख्ती करेगा।

इस वर्ष नगर निगम में 45 करोड़ रुपये कर वसूली का लक्ष्य है। इसमें से अभी तक एक चौथाई की वसूली हुई है। इससे नगर आयुक्त संतुष्ट नहीं हैं। गृहकर, जलकर की वसूली बढ़ाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने 31 अगस्त तक कर जमा करने वालों को 10 प्रतिशत छूट देने की घोषणा की थी। 

अब यह समयसीमा खत्म होने के बाद निगम प्रशासन बड़े बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई करेगा। उनके प्रतिष्ठानों पर कर अनुभाग के साथ अपर नगर आयुक्त, मुख्य कर निर्धारण आदि प्रवर्तन दल के साथ वसूली कराने जाएंगे। जिससे निगम को लक्ष्य के अनुरूप राजस्व मिल सके। कई बार कर वसूली के दौरान विरोध को देखते हुए स्थानीय पुलिस बल का भी सहयोग लिया जाएगा।

मुख्य कर निर्धारण अधिकारी आरती सिंह का कहना है कि जिन्होंने अपना बकाया कर जमा नहीं किया है अब उनसे सख्ती की जाएगी। उनके घर और प्रतिष्ठान पर कर निर्धारण अधिकारी, कर अधीक्षक आदि जाकर वसूली में तेजी लाएंगे। हर हाल में लक्ष्य पूरा करने की प्राथमिकता है।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : बच्चा चोर गिरोह का हुआ खुलासा, चार सदस्य गिरफ्तार... बच्चा व नकदी बरामद

संबंधित समाचार