गोंडा : रास्ते के विवाद में युवक को पेड़ से बांधकर पीटा, जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मरणासन्न हालत में युवक को जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती

बालपुर/ गोंडा, अमृत विचार। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के सरैया चौबे गांव में एक युवक की तालिबानी तरीके से पिटाई करने का मामला सामने आया है‌। रास्ते के विवाद में एक महिला ने अपनी तीन बहनों व बेटी के साथ मिलकर युवक को पकड़कर पेड़ से बांध दिया। पहले लाठी डंडों से उसकी पिटाई की और फिर कुल्हाड़ी व बांका मारकर उसे लहूलुहान कर दिया। युवक की चीख पुकार सुनकर उसकी पत्नी अपने चार साल के मासूम बेटे को गोद में लेकर उसे बचाने पहुंची तो महिलाओं ने उसे भी जमकर पीटा। गांव के लोग दौड़े तो पांचों महिलाएं युवक को छोड़कर भाग खड़ी हुई। युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित के भाई ने मां बेटी व उसकी तीन बहनों के खिलाफ  मारपीट व जानलेवा हमला करने की रिपोर्ट देहात कोतवाली में दर्ज करायी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। 

कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के सरैया चौबे गांव के रहने वाले घनश्याम मिश्रा के मुताबिक बुधवार की शाम को उसका भाई गोली अपने खेत की रखवाली के लिए जा रहा था। रास्ते में गांव के रहने वाले दलित मोती की विवाहित बेटी नानबच्ची ने अपनी तीन बहनों और बेटी के साथ मिलकर गोली को रोक लिया और उसे पकड़कर पेड़ से बांध दिया। रास्ते के विवाद को आधार बनाकर पांचों ने पहले गोली को बेरहमी से पीटा और फिर कुल्हाड़ी व बांका से मारकर उसे लहूलुहान कर दिया। गोली की चीख सुनकर उसकी पत्नी अपने चार साल के मासूम बेटे को गोद में लिए मौके पर पहुंची तो देखा कि गोली बेहोश हालत में पेड़ से बंधा हुआ था और पूरा शरीर खून से लथपथ था। नानबच्ची अपनी बेटी व बहनों को साथ मिलकर उसपर ताबड़तोड़ प्रहार कर रही थी। यह देखकर उसने अपने पति को बचाने की कोशिश की तो सभी ने  मिलकर उसे और उसके मासूम बेटे को भी जमकर पीटा। इन सबकी चीख पुकार सुनकर जब गांव के लोग दौड़े तो पिटाई कर रहीं महिलाएं भाग निकली।  

गोली की हालत व महिलाओं की क्रूरता देखकर ग्रामीण सन्न रह गए। कुछ ही देर बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी। बेहोश गोली को तत्काल जिला अस्पताल से जाकर भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत‌ गंभीर बताई जा रही है। घायल गोली के भाई घनश्याम ने देहात कोतवाली में आरोपी नानबच्ची, बेटी राधा व उसकी तीन बहनों ननकन, पूजा व गुड़िया के खिलाफ बलवा, मारपीट व जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज करायी है। प्रभारी निरीक्षक महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गयी है और आरोपित महिलाओं की तलाश की जा रही है। 

ये भी पढ़ें -लखनऊ में मंत्री कौशल किशोर के घर में युवक की हत्या, पिस्टल से मारी गई गोली

संबंधित समाचार