UP T-20 League: एंटी फ्री होने के बाद भी ग्रीनपार्क में नहीं दिखी भीड़, खाली पड़े रहे प्रवेश द्वार, पढ़ें- पूरी खबर
कानपुर में एंटी फ्री होने के बाद भी ग्रीनपार्क में नहीं दिखी भीड़।
कानपुर में एंटी फ्री होने के बाद भी ग्रीनपार्क में भीड़ नहीं दिखी। जिसके कारण प्रवेश द्वारा भी खाली पड़े रहे।
कानपुर, अमृत विचार। आईपीएल की तर्ज पर ग्रीन पार्क में आयोजित यूपी टी–20 लीग में एंट्री फ्री किए जाने के बाद भी दर्शकों की बेरुखी जारी रही। गुरुवार को दूसरे दिन गोरखपुर लायंस और लखनऊ फॉल्कंस के बीच खेले गए पहले मुकाबले में अधिकतर दर्शक दीर्घाएं खाली पड़ी रहीं। स्टेडियम में दर्शकों से ज्यादा पुलिस वाले नजर आए। शाम को हुए दूसरे मैच में दर्शकों की संख्या थोड़ी बढ़ी, लेकिन इतनी नहीं जिसे संतोषजनक भी कहा जा सके।
वजह कुछ भी रही हो, लेकिन यूपी टी–20 लीग अभी तक क्रिकेट प्रेमियों के दिल में नहीं उतर पाई है। यूपीसीए ने इसे लेकर आईपीएल जैसी भीड़ आने का दावा जरूर किया था, लेकिन दर्शकों को जोड़ने का वैसा इंतजाम नहीं किया। यही वजह रही कि बुधवार को फिल्मी सितारों के धमाल वाले रंगारंग उद्धघाटन कार्यक्रम और पहले मैच में स्टेडियम में महज पांच हजार दर्शक ही पहुंचे।
इनमें भी टिकट धारी दर्शकों की संख्या दो हजार ही थी। इसी के बाद लीग के सभी मैचों में क्रिकेट प्रेमियों के लिए एंट्री फ्री करने का निर्णय लेना पड़ा था। अब मैदान में मैच देखने आने वालों को सिर्फ अपना आधार कार्ड दिखाना होगा।
गुरुवार को अपराह्न 3:30 बजे शुरू होने वाले मैच के लिए एक घंटे पहले एंट्री शुरू कर दी गई। आयोजकों को अंदाज था कि रक्षाबंधन की छुट्टी के चलते बड़ी संख्या में दर्शक आएंगे। लेकिन ग्रीनपार्क के सभी प्रवेश द्वार खाली पड़े रहे। मैच शुरू होकर खत्म हो गया, लेकिन दर्शकों की संख्या एक हजार से अधिक नहीं पहुंच सकी। मैच शुरू होने के समय तो फ्री एंट्री के बावजूद बमुश्किल 400 दर्शक ही मैदान में नजर आ रहे थे।
इससे कई गुना ज्यादा भीड़ रोड सेफ्टी सीरिज में हुई थी
यूपी टी 20 लीग के शाम के समय हुए दूसरे मुकाबले में दर्शकों की संख्या थोड़ी बढ़ी। लेकिन यह इतनी नहीं रही, जिसे संतोषजनक कहा जा सके। इसे देखकर लोग कहते रहे कि इससे कई गुना ज्यादा दर्शकों की भीड़ तो पिछले साल हुए रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरिज के मैचों के दौरान उमड़ी थी।
-------------
