बीजेपी सांसद कौशल किशोर के घर में हत्या : जुए में हार-जीत को लेकर विवाद, 12 हजार के लिए मर्डर
लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी के दुबग्गा स्थित माधवपुर बेगरिया में केंद्रीय राज्यमंत्री और सांसद कौशल किशोर के मकान में हुये हत्या के मामले में खुलासा हो गया है। पुलिस का दावा है कि जुऐ में हुई हार- जीत के विवाद में विनय की हत्या हुई है।
दरअसल, गुरुवार देर रात बीजेपी कार्यकर्ता विनय श्रीवास्तव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बताया जा रहा है कि युवक के सिर में गोली लगी थी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसमें खास बात यह है जिस पिस्टल से युवक को गोली मारी गई है वह केंद्रीय राज्यमंत्री और सांसद कौशल किशोर के बेटे विकास किशोर उर्फ आशू की बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं इस मामले में मंत्री कौशल किशोर ने सफाई दी है कि उनका बेटा विकास किशोर लखनऊ से बाहर है।
पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुये दावा किया है कि विनय श्रीवास्तव, अजय रावत, अंकित और शमीम बाबा के बीच जुए में हार-जीत को लेकर झगड़ा हुआ। बताया जा रहा है कि विनय श्रीवास्तव जुए में अंकित से 15 हजार रुपये हार गया था। जिसको लेकर झगड़ा हुआ। इस दौरान विनय ने अपना सिर दिवार पर दे मारा। इसके बाद विस्तर के नीचे रखी पिस्टल निकाल ली। पिस्टल को देखते ही अंकित और विनय में छीना झपटी शुरू हो गई। इसी छीना झपटी में विनय को गोली लगना बताया जा रहा है। जिससे उसकी मौत हो गई। इस मामले में मंत्री कौशल किशोर ने सफाई दी है कि उनका बेटा विकास किशोर लखनऊ से बाहर है। शुक्रवार की शाम विकास किशोर ने भी अपनी सफाई लखनऊ पुलिस को दी है।
मृतक के परिजनों ने लगाये हैं गंभीर आरोप
मृतक के भाई का आरोप है कि उसका भाई ज्यादातर समय मंत्री के बेटे के साथ रहता था। आरोप तो यहां तक मंत्री का बेटा पिस्टल हमेशा साथ लेकर जाता था, लेकिन कल क्यों लेकर नहीं गया। इस सवाल पर भी मंत्री कौशल किशोर ने सफाई दी है। उन्होंने मीडिया को दिये बयान में कहा है कि उनका बेटा अपनी बीमार मां को देखने कल दिल्ली गया था। ऐसे में पिस्टल साथ ले जाने का सवाल ही नहीं उठता है। उन्होंने यह भी कहा है कि पुलिस को निष्पक्ष जांच के लिए कहा है। उन्होंने यह भी माना है कि मृतक उनके बेटे का दोस्त था।
जिस दौरान विनय को गोल मारी गई, उस समय मंत्री के नये घर पर विकास किशोर के तीन दोस्त मौजूद थे। इस हत्या में जिन तीन लोगों पर आरोप लगाया गया है उसमें अजय रावत, अंकित और शमीम बाबा बताये जा रहे हैं। मृतक के भाई ने मंत्री के बेटे पर भी गंभीर आरोप लगाये हैं। हालांकि पुलिस ने तीन आरोपितों के नाम पर ही मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : कौशल किशोर के घर में हत्या : परिजनों ने सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन, आरोपितों पर सख्त कार्रवाई की मांग
