पीलीभीत: अफसर सुनने नहीं आए तो किसान नेता गुस्साए, हाईवे जाम कर नारेबाजी..

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। किसानों की समस्याओं को लेकर बुलाई गई भारतीय किसान यूनियन भानु की मासिक पंचायत में कई बार बुलावे पर भी जब अधिकारियों ने सुध नहीं ली तो किसान नेता गुस्सा गए।

किसानों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए हल्ला बोल दिया। जुलूस के रुप में कार्यकर्ता मंडी समिति से टनकपुर हाईवे पर डिग्री कॉलेज चौराहा पर पहुंचे और जाम लगाकर नारेबाजी शुरू कर दी। करीब एक घंटे बाद सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार मौके पर पहुंचे और बातचीत की।

किसान नेताओं ने अफसरों की इस अनदेखीपूर्ण रवैये पर नाराजगी जताते हुए मांगों से जुड़ा ज्ञापन सौंपा। इस पर एक सप्ताह में जांच कर ठोस कदम उठाने का आश्वासन दिया गया। जिस पर कार्यकर्ता मान गए और जाम खुल सका।

बता दें कि भाकियू भानु की मासिक पंचायत शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे मंडी समिति परिसर स्थित कृषक विश्रामगृह में जिला अध्यक्ष भजनलाल क्रोधी की अध्यक्षता में शुरू हुई।  जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और किसान शामिल हुए। किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों से संपर्क कर बुलाया जाता रहा।

आरोप है कि इसके बावजूद काफी देर इंतजार कराने पर भी कोई अधिकारी मंडी समिति नहीं पहुंचा। इसे सीधे तौर पर किसानों की अनदेखी से जोड़ते हुए नाराजगी जताई। कार्यकर्ता उग्र्र होकर मंडी समिति से जुलूस के रुप में सड़कों पर उतर आए। टनकपुर हाईवे पर डिग्री कॉलेज चौराहा पर पहुंचकर जाम लगाकर अधिकारियों की अनदेखी के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे और पदाधिकारियों से वार्ता की। उन्हें समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन देकर बमुश्किल शांत कराया गया। कार्यकर्ताओं ने एक ज्ञापन मौके पर ही सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। पंचायत का संचालन तहसील अध्यक्ष नंद किशोर राठौर ने किया।

ये भी पढे़ं- पीलीभीत: बिलहरा के बाद मकरंदपुर में हुई दो किशोरियों की बुखार से मौत..ये कैसे इंतजाम..

 

संबंधित समाचार