लखीमपुर-खीरी: नजराना नहीं मिला तो दरोगा ने पलट दिए ठेले
लखीमपुर-खीरी,अमृत विचार। लखीमपुर खीरी जिले के थाना मैलानी की पुलिस अपने कारनामों की वजह से एक बार फिर चर्चा में आ गई है। थाना पुलिस के एक दरोगा का गरीब रेहड़ी पटरी के दुकानदारों को जमकर गाली देने और तीन ठेला पलटने का आरापे लगाया है। जिसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जो बृहस्पतिवार देर रात थाना मैलानी पुलिस के दरोगा राघवेंद्र सिंह का है।
दुकानदारों का कहना है कि दरोगा नजराना वसूल करता है। नजराना न देने पर गाली गलौज भी करता है। किसी ने दरोगा की इस हरकत का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। एसपी ने मामले की जांच सीओ गोला को सौंपी है।
मैलानी थाना से आधा किमी दूर तिकुनियां बाईपास होकर भीरा, पलिया, संपूर्णानगर, गौरीफंटा, शाहजहांपुर, पीलीभीत, बरेली, दिल्ली, गोला, लखनऊ को बसें जाती हैं। शाम को यात्रियों की अधिकता होने से नगर के कई रेहड़ी दुकानदार अपने ठेले तिकुनियां बाईपास पर लगा लेते हैं, जहां सवारी के इंतजार में खड़े और बसों से उतरने वाले यात्री उनकी दुकानों से खानपान की चीजें खरीद लेते हैं।
तिकुनियां पर दिनों दिन रेहड़ी दुकानदारों की संख्या बढ़ती जा रही है। वर्तमान में 12 से अधिक ठेले और खोमचे लगाए जाते हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो गुरुवार देर रात का बताया जा रहा है। इसमें दरोगा ने एक अंडे की दुकान पर पहुंचकर दुकानदार को जमकर गाली देकर, ठेला पलटने की कोशिश की।
मौके पर मौजूद किसी शख्स में घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे पुलिस में हड़कंप मचा हुआ है। इस मामले की जांच सीओ गोला प्रवीण कुमार यादव को सौंपी गई है। रेहड़ी पटरी के दुकानदारों को धमकाने के मामले को लेकर स्थानीय लोगों का कहना है कि अक्सर रात के समय दरोगा राघवेंद्र सिंह दल बल के साथ स्ट्रीट फूड की दुकानों पर पहुंचकर डरा धमका कर नजराना वसूलने की कोशिश करते हैं, ऐसे में जो दुकानदार नजराना देने में आनाकानी करता है।
उसको गलियों से दरोगा जी नवाजते हैं। तिकुनियां के रेहड़ी दुकानदारों ने बताया कि पटरी दुकानदारों को बढ़ावा देने के लिए सरकार 10 हजार से लेकर 50 हजार रुपये तक पीएम स्वनिधि के तहत ऋण देती है। ऐसे में पुलिस द्वारा दुकानदारों को धमकाना और गालियां देना उनकी रोजी रोटी के साथ खिलवाड़ करना है।
दुकानदारों ने दबी जुबान से बताया कि तिकुनियां पर ठेला लगाने के लिए पुलिस प्रतिदिन उनसे नजराना वसूलती है। बृहस्पतिवार की देर रात तीन दुकानदारों ने जब नजराना देने में असमर्थता व्यक्त की तो दरोगा ने गालियां देते हुए उनके ठेले लौट दिए, जिससे सामान भी बिखर गया।
तिकुनियां के दुकानदार इस प्रकरण में पुलिस के डर से खुलकर बोलने को तैयार नहीं हैं। दुकानदारों का कहना है अगर वह पुलिस के लिए कुछ कहेंगे तो पुलिस उन्हें ठेला भी नहीं लगाने देगी, जिससे रोजी रोटी की समस्या खड़ी हो जाएगी और परिवार भुखमरी के कगार पर पहुंच जाएगा।
सावन खत्म होने के कारण अंडे के ठेले पर अधिक भीड़ होने की वजह से लड़ाई झगड़ा हो रहा था। उनकी ड्यूटी तिकुनिया बाईपास पर लगी थी। एक दुकानदार अंडा रोल को लेकर ग्राहक से झगड़ने लगा। झगड़ा होते देख दोनों को डाटा जरूर है। उसी में किसी ने पैसे लेने का आरोप लगाकर वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। उन पर पैसे लेने का आरोप निराधार है।
- राघवेंद्र सिंह आरोपी दरोगा, थाना मैलानी
गुरुवार को रक्षाबंधन के त्यौहार के चक्कर में भीड़ नियंत्रित करने के लिए डाटा फटकार जा रहा था। पैसे लेने का आरोप निराधार है। पुलिस किसी से भी पैसा नहीं लेती है। यह आरोप गलत लगाया जा रहा है।
- देवेंद्र कुमार गंगवार, प्रभारी निरीक्षक थाना मैलानी
मैलानी के दरोगा राघवेंद्र सिंह के पटरी दुकानदारों को गाली गलौज करने के आरोप में जांच आई है। जांच कर जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
- प्रवीण कुमार यादव, सीओ गोला।
विडियो को संज्ञान लेकर मामले की जांच सीअो गोला से कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-गणेश प्रसाद साहा, एसपी
ये भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: अलग-अलग तीन सड़क हादसों में दो की मौत, दो घायल
