बरेली : रेलवे का प्रशासन को विकल्प...अंडरपास की जगह सुभाषनगर पुलिया के पास 30 मीटर सड़क का प्रस्ताव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मढ़ीनाथ, चौपला, सुभाषनगर, जंक्शन को जोड़ेगी सड़क

बरेली, अमृत विचार। बारिश के मौसम में सुभाषनगर पुलिया में पानी भर जाता है, जहां से निकलना हादसे को दावत देने जैसा होता है। लंबे समय यहां ओवर ब्रिज बनाने की मांग की जा रही है। कई बार जनप्रतिनिधियों, रेलवे व प्रशासन के अधिकारियों ने निरीक्षण भी किया। बाद में अंडरपास को लेकर सहमति बनी, लेकिन अंडरपास बनाने का काम भी ठंडे बस्ते में चला गया, मगर अब रेलवे ने सुभाषनगर वासियों की सुविधा के लिए बेहतर विकल्प प्रशासन के सामने रखा है। जिसमें सुभाषनगर पुलिया के बराबर से करीब 30 मीटर चौड़ी सड़क बनाने का प्रस्ताव है।

दरअसल, रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग ने जिस इलाके में सड़क बनाने का प्रस्ताव रखा है, उससे सुभाषनगर समेत मढ़ीनाथ, चौपला, कैंट, नार्थ रेलवे कॉलोनी जैसे इलाकों में रहने वाले हजारों लोगों को राहत मिलेगी। प्रस्ताव के मुताबिक सुभाषनगर पुलिया के बराबर से एक 30 मीटर चौड़ी सड़क बनाई जानी है, जो चौपुला पुल के नीचे से शुरू होकर सुभाषनगर पुलिया होते हुए जंक्शन के द्वितीय प्रवेश के रास्ते शाहजहांपुर छोर स्थित रेलवे अस्पताल के सामने खोली जाएगी। बीच में रेलवे लाइन आ रही है, लिहाजा यहां रेलवे अस्पताल के सामने एक अंडरपास भी बनाया जाएगा। हालांकि, रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि अभी यह केवल प्रस्ताव है। जिला प्रशासन और रेलवे बोर्ड की सहमति के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। तैयार किए गए नक्शे को रेलवे बोर्ड को भेजा जाएगा।

सड़क बनने से रेलवे को भी मिलेगा फायदा
सड़क बनाने का काम रेलवे के लिए भी मुफीद साबित होगा। अगर यह 30 मीटर चौड़ी सड़क बनाने को मंजूरी मिलती तो सुभाषनगर वालों को तो राहत मिलेगी, साथ ही दूसरी तरफ जंक्शन के मुख्य प्रवेश द्वार पर यात्रियों की आवाजाही बढ़ेगी, क्योंकि जंक्शन के द्वितीय प्रवेश द्वार को जाने वाली मौजूदा सड़क बेहद संकरी है। जिसके चलते आने-जाने के साधन कम हैं। द्वितीय प्रवेश द्वार का इस्तेमाल यात्री बेहद कम करते हैं। मुख्य सड़क से द्वितीय प्रवेश द्वार का जुड़ाव होने से चौपुला से सीधे यात्री यहां पहुंच सकेंगे तो दूसरी तरफ जंक्शन के मुख्य प्रवेश द्वार पर भी यात्रियों का बोझ कम होगा।

ये भी पढ़ें- बरेली : बारिश नहीं होने से बढ़ी गर्मी, 37 डिग्री तक जाएगा तापमान

संबंधित समाचार