बरेली : तीन विधानसभा क्षेत्र में आता है वार्ड, मगर समस्याओं का अंबार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

एसटीपी के पास लगा कूड़े का ढेर, वार्ड में सड़कों की स्थिति खराब

बरेली, अमृत विचार। बेनीपुर चौधरी वार्ड तीन विधानसभा क्षेत्र के दायरे में आता है, मगर इसके बाद भी यहां सड़कों की स्थिति ठीक नहीं है। कई जगह कूड़े का ढेर लगा है। कुछ स्थानों पर पोल पर स्ट्रीट लाइट नहीं है। परिषदीय स्कूल जर्जर हैं। तमाम समस्याओं से लोग जूझ रहे हैं।

सिटी श्मशान भूमि इसी वार्ड में है। यहीं पर गोशाला है, उसी के सामने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट लग रहा है। इसी वार्ड में कूड़े के पहाड़ भी यानी बाकरगंज, बंशीनगला, बेनीपुर चौधरी क्षेत्र भी है। इस वार्ड में कैंट, शहर और कुछ हिस्सा भोजीपुरा विधानसभा क्षेत्र का भी है। विधायक संजीव अग्रवाल विधायक निधि से इस क्षेत्र में बंशीनगला से सिठौरा रोड का निर्माण करवा रहे हैं। वार्ड में प्राइमरी स्कूल जर्जर अवस्था में हैं। 14 हजार वोटर और 30 हजार की आबादी वाले इस वार्ड में कई जगह सड़कें खराब हैं।

सिटी रेलवे क्रासिंग पार करते ही सामने शराब का ठेका। यहां शराबियों का जमघट लगा रहता है। इससे आसपास के लोग परेशान हैं। जल निगम ने यहां एसटीपी बनाई और मुख्य मार्ग को खोद डाला। एसटीपी से सटे बेनीपुर के किसानों के खेत हैं। 15 दिन पहले पाइप लाइन रात में फट गई तो नाले का पूरा पानी खेतों में भर गया। हालांकि, अब तक खेतों से पानी नहीं निकला है।

किसान बताते हैं कि अफसरों से कहने के बाद कोई देखने तक नहीं आया। हादसा रोकने के लिए यहां बांस का जाल लगा दिया है। बेनीपुर चौधरी मोहल्ले को जाने वाला मार्ग विधायक निधि से बन रहा है। अभी यह सड़क गोशाला से बेनीपुर चौधरी के मोड़ तक बनाई जाएगी। बंशीनगला सिठौरा मार्ग भी बनाया जा रहा। यहां बिजली के तार पोल पर नहीं हैं। लोगों की छतों से होकर गुजर रहे हैं। इमामबाड़े के पास जलभराव है। यहां नाली नहीं है। घर से निकला पानी कच्ची सड़क पर फैलता है और कीचड़ पैदा करता है।

बोले-लोग

बिजली के पोल लगे नहीं है। लोग बिजली केबल को 100 मीटर दूरी से ला रहे हैं। रास्ते में किसी की छत आ रही है तो उस पर तार रख रहे हैं, ताकि वह झूले नहीं। अब छतों पर तारों का जाल सा बन गया है। मो. आसिफ, मीनाक्षी वाली गली

पिछले पार्षद नाली बनवा नहीं पाए, रात में स्ट्रीट लाइट तक नहीं जलती है। खड़ंजा सड़क बनी है, यहां पोल लगने चाहिए। इकरार हुसैन, बड़े पजाया के पीछे

15 साल से पार्षद ने क्षेत्र में कुछ नहीं किया। नाली नहीं बनवाई, कच्ची सड़क आज भी है। यह हाल तब है जब वह इसी मोहल्ले के थे। गंदे पानी में मच्छर पनप रहे हैं। भूरा, इमामबाड़े के पास

नाला टूटने से खेत में लगी मूली की फसल नष्ट हो गई। पैसा और मेहनत सब बेकार गई। खेत में पानी भर गया। कोई देखने तक नहीं आया। कई किसान परेशान हैं। गुड़िया, बेनीपुर

नाला टूटा तो अफसरों को जानकारी दी, लेकिन एसटीपी के अफसर इधर देखने नहीं आए। फसल नष्ट हुई तो मुआवजा कौन देगा। किसान के नुकसान की भरपाई कौन करेगा। सुखलाल, बेनीपुर

एसटीपी की मोटर बंद हुई, तभी रात में लाइन फटी थी। खेतों में पानी जाने लगा। सड़क भी कट गई। न सड़क बनी और न लाइन। किसान परेशान हैं। महावीर, एसटीपी के पास डूबे खेत के मालिक

सड़क थोड़ी टूटी है। उम्मीद है कि जल्द बन जाएगी। सफाई कर्मी सबसे पहले यहीं सफाई करते हैं। सड़क पर आवाजाही रहती है। कोई परेशानी नहीं है। विकास, रैन बसेरा के सामने

क्षेत्र में गंदगी ही गंदगी है। हर तफर कूड़ा है। टाइल्स की सड़क हैं। कहीं-कहीं टाइल्स निकाल कर नाली बना ली गई है। सफाई कर्मी आते हैं, लेकिन झाड़ू नहीं लगती।मिथिलेश, बंशीनगला

सफाई होती नहीं है। पार्षद को आए तीन माह हुए हैं। अब बंशीनगला से सिठौरा वाली सड़क तो बनती दिख रही है। स्ट्रीट लाइट भी जलनी चाहिए। सिठौरा से आगे भी सड़क बननी चाहिए।पंकज सिंह, बंशीनगला

बाकरगंज में कूड़े के पहाड़ को हटाने के लिए दूसरा प्लांट आ गया है। स्ट्रीट लाइट मिली हैं। लगाई जाएंगी। निगम से काम नहीं हुए तो कैंट विधायक से आग्रह किया। उन्होंने निधि से कार्य कराया है। इस संबंध में मंत्री को भी लिखा है। दरबारी लाल मौर्य, पार्षद पति

ये भी पढ़ें- बरेली : हिस्ट्रीशीटर अजय वाल्मीकि हत्याकांड...सट्टा किंग तन्नू और लाले पर 25-25 हजार का इनाम घोषित

संबंधित समाचार