UP T-20 League: यूपी लीग में नोएडा सुपरकिंग्स के आगे गोरखपुर लॉयंस ने घुटने टेके, आदित्य शर्मा बने मैन ऑफ द मैच

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में यूपी लीग में नोएडा सुपरकिंग्स के आगे गोरखपुर लॉयंस ने घुटने टेके।

कानपुर में यूपी लीग में नोएडा सुपरकिंग्स के आगे गोरखपुर लॉयंस ने घुटने टेके। वहीं, नोएडा के आदित्य शर्मा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

कानपुर, अमृत विचार। यूपी टी-20 लीग में शुक्रवार को खेले गए दूसरे मुकाबले में नोएडा सुपरकिंग्स की घातक गेंदबाजी के आगे गोरखपुर लॉयंस के बल्लेबाजों की एक न चली। नोएडा के बनाए 182 रनों का पीछा करने उतरी गोरखपुर लॉयंस की पूरी टीम सात विकेट पर 139 रन ही बना सकी। हालत यह हुई कि अंतिम ओवर में गोरखपुर को 58 रन बनाने थे, लेकिन टीम सिर्फ 14 रन ही जोड़ सकी। नोएडा के आदित्य शर्मा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

नोएडा सुपरकिंग्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। लेकिन ओपनर अलमास शौकत आठ गेदों पर महज 6 रन बनाकर लौट गए। इसके बाद शांतनु और नीतिश राना भी कुछ खास नहीं कर सके। छठवें ओवर में शांतनु 5 रन के स्कोर पर चलते बने। इसी ओवर में नोएडा के कप्तान और अक्रामक बल्लेबाज नीतिश राना भी चार रन बनाकर पवेलियन लौट गए। 5.5 आवरों में 44 रन पर तीन झटके लगने से टीम लड़खड़ा गई।

लेकिन आदित्य शर्मा ने समर्थ सिंह के साथ स्कोर बोर्ड आगे बढ़ाया। समर्थ ने 45 रन बनाए। उनके बाद आदित्य शर्मा और प्रशांत वीर ने मैदान के चारों ओर शानदार शॉट्स लगाए। प्रशांत वीर 40 रन बनाकर आउट हुए। नोएडा ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 182 रन बनाए। गोरखपुर लायंस के गेंदबाज ध्रुव प्रताप सिंह ने तीन विकेट चटकाए नोएडा के आदित्य शर्मा ने 45 गेंद पर नाबाद 70 रनों की पारी खेली।

नोएडा के 182 रनों के जवाब में गोरखपुर लॉयंस की शुरुआत धीमी रही। पांचवें ओवर में टीम का स्कोर 11 रन था तो हर्षित सेठी रन आउट हो गए। इसके बाद टीम ताश के पत्तों की तरह बिखरती चली गई। 7वें ओवर की तीसरी गेंद पर अभिषेक गोस्वामी 17 रन बनाकर बोल्ड हो गए। 8वें ओवर में नितीश राना कीगेंद पर विकेट कीपर कार्तिकेय सिंह भी 6 रन बनाकर एलबीडब्ल्यू हो गए।

गोरखपुर के एक के बाद एक विकेट गिरते रहे। गोरखपुर लॉयंस ने 10 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर सिर्फ 38 रन ही बनाए। इसके बाद क्रीज पर उतरे याशवर्धन सिंह और शिवम शर्मा ने स्थिति संभाली। यशवर्धन ने 32 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 43 रन बनाए। शिवम शर्मा ने 31 गेंदों पर 57 रन बनाए। गोरखपुर लॉयंस सात विकेट के नुकसान पर 139 रन ही बना सकी और 43 रनों से हार का सामना करना पड़ा।

 

संबंधित समाचार