Kanpur News: जूही यार्ड में नए रेलवे स्टेशन का जल्द होगा सर्वे, रेलवे बोर्ड में दो रिपोर्ट पर चल रहा है मंथन
कानपुर के जूही यार्ड में नए रेलवे स्टेशन का जल्द होगा सर्वे।
कानपुर के जूही यार्ड में नए रेलवे स्टेशन का जल्द सर्वे होगा। रेलवे बोर्ड में दो रिपोर्ट पर मंथन चल रहा है। अधिकारी निरीक्षण करने शहर आ सकते हैं।
कानपुर, अमृत विचार। शहर में जूही यार्ड में नया रेलवे स्टेशन बनाए जाने के लिए जल्द ही सर्वे करने टीम शहर आ सकती है। इस स्टेशन के लिए दो ब्लू प्रिंट तैयार किए गए हैं। माना जा रहा है कि यह टीम उसी ब्लू प्रिंट के लिए यार्ड में भौतिक निरीक्षण करेगी। रेलवे बोर्ड के अनुसार स्टेशन बनाए जाने के लिए दोनों ही रिपोर्ट पर विचार चल रहा है।
वर्ष 2050 के लिए यात्री क्षमता को ध्यान में रखते जुए जूही यार्ड पर यात्री प्लेटफॉर्म बनाए जाने के लिए योजना बनाई गई है। इस योजना को पूरा करने से पहले दो तरह का ब्लू प्रिंट बनाया गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार इन दोनों ब्लू प्रिंट में से एक को निर्माण के लिए आधार बनाया जा सकता है। पहली रिपोर्ट में दो प्लेटफार्म बनाने की बात कही गई है।
इनमें अपथ्रू लाइन में 1 से 8 ट्रैक तक एक प्लेटफार्म जबकि दूसरी डाउन थ्रू लाइन में 9 से 16 ट्रैक तक एक प्लेटफार्म शामिल है। दूसरी रिपोर्ट में अपथ्रू लाइन में दो जबकि डाउन थ्रू लाइन में दो प्लेटफार्म बनाए जाने की योजना है। माना जा रहा है कि सितंबर के दूसरे सप्ताह में प्रस्तावित विशेषज्ञों के दौरे में इस तथ्य को भी जोड़ा जाएगा कि दो में कौन सा ब्लू प्रिंट ऐसा है जिसे लागू किए जाने से भविष्य में कानपुर सेंट्रल से ट्रेनों के बोझ को कम किया जा सके।
यह है योजना
शहर में वर्ष 2050 को आधार मानकर और यात्रियों की रेलवे स्टेशन पर बढ़ती संख्या को देखते हुए एक नए रेलवे स्टेशन के निर्माण की योजना है। यह रेलवे स्टेशन जूही यार्ड में बनाए जाने की योजना पर रेलवे अधिकारी काम कर रहे हैं। यात्री क्षमता के आधार पर ही सेंट्रल स्टेशन के पुनर्विकास के साथ ही पनकीधाम रेलवे स्टेशन, गोविंदपुरी रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किया जाना है। अनवरगंज रेलवे स्टेशन भी इसी आधार पर दोबारा तोड़कर बनाया जाएगा।
34 में 16 ट्रैक का उपयोग
रेलवे अधिकारियों ने जानकारी दी कि जूही यार्ड में इस समय 34 ट्रैक मौजूद हैं। इनमें 16 ट्रैक को रेलवे स्टेशन के रूप में परिवर्तित करने की योजना है। इसी के लिए सर्वे कार्य कराया जा रहा है। इस सर्वे की रिपोर्ट आने के बाद ही प्लेटफॉर्म का क्षेत्रफल निर्धारित किया जाएगा।
