Unnao में करंट की चपेट में आने से किसान व Farrukhabad में हलवाई की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
फर्रुखाबाद व उन्नाव में दो की मौत।
फर्रुखाबाद में घायल हलवाई की मौत हो गई। जबकि उन्नाव में करंट की चपेट में आने से किसान की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी।
कानपुर टीम, अमृत विचार। फर्रुखाबाद में घायल हलवाई की मौत हो गई। जबकि उन्नाव में करंट की चपेट में आने से किसान की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी।
उन्नाव के सफीपुर में करंट की चपेट में आने से किसान की मौत
उन्नाव के सफीपुर कोतवाली अंतर्गत विद्युत बोर्ड में मोबाइल चार्जर लगा रहा किसान खुले तारों के कारण करंट की चपेट में आ गया। पिता को बचाने दौड़ा बड़ा बेटा भी करंट की चपेट में आने से झुलस गया। परिजन उन्हें सीएचसी ले गए। जहां डाक्टर ने पिता को मृत घोषित कर दिया। जबकि, बेटे का इलाज कर घर भेज दिया गया।
सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के अतहा गांव निवासी रामसहाय (55) पुत्र चंद्रपाल सुबह करीब साढ़े 10 बजे घर में लगे विद्युत बोर्ड में मोबाइल चार्जर लगा रहे थे। तभी वह खुले विद्युत तारों में उतरे करंट की चपेट में आ गए। यह देख पिता को बचाने दौड़ा बेटा सुभाष (24) भी झुलस गया। परिजन दोनों को सीएचसी सफीपुर लेकर पहुंचे। जहां पिता की मौत हो गई।
वहीं, घायल बेटे को इलाज के बाद घर भेज दिया गया। पुलिस ने जांच कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों ने बताया कि मृतक के दो बेटे व दो बेटियां हैं। जिनमें बड़ी बेटी रामलक्ष्मी व घायल बेटा विवाहित है। जबकि, बेटा आशीष व बेटी सुमन की अभी शादी नहीं हुई है। किसान की मौत पर उसकी पत्नी रामरानी व बेटे-बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फर्रुखाबाद में घायल हलवाई की उपचार के दौरान मौत
कादरी गेट कोतवाली क्षेत्र में बाइक की टक्कर से हलवाई घायल हो गया। घायल हलवाई को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गम्भीर होने पर सैफई के लिए रेफर कर दिया गया। घर वाले उसे शहर क्षेत्र के एक निजी नर्सिंग होम ले गए। कुछ क्षण इलाज के बाद उसकी मौत हो गई।
कादरीगेट थाना क्षेत्र मसेनी निवासी झब्बू लाल(53) हलवाई का काम करके शाम 6 बजे पैदल घर जा रहा था।
लकूला रोड़ पर दीप पैलेस के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक चालक ने टक्कर मार दी। जानकारी पर पहुंचे परिजन लोहिया अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने हालत गंभीर बता कर सैफई रेफर कर दिया। परिजनों ने उन्हें प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया ।शनिवार को उसकी मौत हो गई ।बड़े बेटे कल्लू ने बताया कि पिता की मौत पर मां तोपीस भाई कनईया, बहन लक्ष्मी का रो रो कर बुरा हाल हो गया। बाइक चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दे दी है। पुलिस का कहना है कि बाइक चालक की तलाश की जा रही है। शव का पंचनामा भर कर पोस्ट मार्टम कराया जाएगा।
