पीलीभीत: उग्र हुए अधिवक्ता..हाथ में लाठी लेकर सड़कों पर उतरे, हाईवे जाम कर नारेबाजी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। पिछले कई दिनों से हापुड़ में अधिवक्ताओं पर किए गए पुलिस के लाठीचार्ज का विरोध चल रहा है। अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत हैं। जुलूस निकालकर प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे जा चुके है।

जनपद भर में इसका बड़ा असर देखने को मिल रहा है। इसी बीच शनिवार को जिला मुख्यालय के अधिवक्ता उग्र तेवरों में दिखाई दिए। बड़ी संख्या में अधिवक्ता हाथ में लाठी लेकर सड़क पर उतरे। टनकपुर हाईवे पर आंशिक रूप से जाम भी लगा दिया और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ ने पहुंचकर बुमुश्किल हाईवे से अधिवक्ताओं को हटाया। कलेक्ट्रेट में भी अधिवक्ता डंडे समेत नारेबाजी कर विरोध जताते रहे। इसे लेकर पुलिस प्रशासनिक अमले में हड़कंप मचा रहा।

हालांकि दो बार के अध्यक्षों ने एक पत्र जारी कर लाठी डंडे लेकर किए गए प्रदर्शन व जाम लगाने को संबंधित अधिवक्ताओं का व्यक्तिगत मामला करार दिया है। हापुड़ कांड को लेकर तराई के अधिवक्ताओं में खासा रोष है।

कई दिनों से अधिवक्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।एक दिन पहले भी जुलूस के रूप में डीएम कार्यालय पहुंचकर नारेबाजी करते हुए ज्ञापन सौंपा था। बीसलपुर, पूरनपुर, कलीनगर में भी ज्ञापन दिए गए थे। इसी क्रम में उस वक्त हड़कंप मच गया जब शनिवार सुबह बड़ी संख्या में अधिवक्ता प्रदर्शन करते हुए टनकपुर हाईवे पर आ गए।

कई अधिवक्ता हाथों में लाठी डंडे लिए हुए थे। नारेबाजी करते हुए हाईवे पर जाम लगा दिया। हालांकि अफसरों से वार्ता के बाद अधिवक्ता हाईवे से हट गए।  इसके अलावा जुलूस निकालते हुए नारेबाजी करते हुए अधिवक्ता विकास भवन गेट होते हुए कलेक्ट्रेट में भी गए और विरोध प्रदर्शन किया।

 अधिवक्ताओं के उग्र तेवरों को देखते हुए सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, सीओ सुनील दत्त मौके पर मौजूद रहकर हालात परखने में जुटे रहे। अधिवक्ताओं के हाईवे से हटने के बाद यातायात पुलिस वाहनों को निकालने में जुटी रही।

अधिवक्ताओं की ओर से शनिवार को जो प्रदर्शन किया गया वह बार की सहमति से था। बार के कुछ पदाधिकारियों का एक पत्र व्हाट्सएप पर वायरल हो रहा है। इसमें अधिवक्ताओं के प्रति जो अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया है।उसके खिलाफ जिला संयुक्त बार एसोसिएशन की बैठक में निंदा की गई है। सोमवार को भी हड़ताल रहेगी। - आनंद मिश्रा, महासचिव, जिला संयुक्त बार एसोसिएशन

ये भी पढ़ें- पीलीभीत: संदिग्ध हालात में युवक की मौत, परिजन बोले- वह तो पुलिस हिरासत में था.. जानिए मामला

संबंधित समाचार