प्रतापगढ़: रेलवे क्रासिंग के पास पटरी से उतरा मालगाड़ी का एक वैगन, रेल अधिकारियों में हड़कंप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रतापगढ़। रेलवे जंक्शन के चार नंबर लाइन पर गिट्टी उतारने के लिए जा रही मालगाड़ी का एक वैगन नया माल गोदाम रेलवे क्रासिंग के पास शनिवार दोपहर बैक करते समय पटरी से उतर गया। तेज आवाज के साथ चिंगारी उठने पर आनन-फानन मालगाड़ी को रोका गया। 

इधर घटना की जानकारी होने पर रेल अधिकारियों में हड़कम्प मच गया। करीब एक घंटे बाद वैगन को अलग कर इंजन को आगे बढ़ाया गया। देर शाम आपदा राहत ट्रेन (एआरटी) के आने बाद क्रासिंग से मालगाड़ी के वैगन को हटाया गया। इसके बाद आवागमन शुरू हुआ।

प्रतापगढ़ जंक्शन के चार नंबर व पांच नंबर लाइन पर पैकेजिंग के लिए गिट्टी डालने का कार्य चल रहा है। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे तकिया स्टेशन से गिट्टी लदी मालगाड़ी प्लेटफार्म नंबर पांच पहुंची। दोपहर करीब एक बजे यहां पांच नंबर लाइन पर गिट्टी उतारने के बाद मालगाड़ी को क्रासिंग की तरफ ले गए। इसके बाद उसे बैक कर गिट्टी उतारने के लिए चार नंबर नंबर लाइन पर ले जा रहे थे। करीब दो बजे क्रासिंग के बीच में वैगन से तेज आवाज के बीच चिंगारी उठने लगी।

इस बीच ब्रेक वैगन से 13वां वैगन पटरी से उतर गया। शोर मचने पर आनन-फानन लोको पायलट ने मालागाड़ी को रोका। दूसरी ओर सूचना पर स्टेशन अधीक्षक शमीम अहमद, सीएमआई नीरज सोमवंशी, पीडब्लूआई जितेंद्र कुमार, आरपीएफ इंस्पेक्टर मनीष डबास मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद वैगन को अलग कर इंजन को आगे बढ़ाया गया। शाम करीब पांच बजे एआरटी के साथ सीनियर डीईएन टू भाविक वामनिया भी मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों से घटनाक्रम की जानकारी ली। शाम करीब छह बजे वैगन को पटरी पर लाया गया। इसके बाद वैगन को इंजन से जोड़कर उसे चार नंबर प्लेटफार्म पर ले गए। ऐसे में शाम करीब साढ़े छह बजे नया माल गोदाम रोड पर वाहनों का आवागमन शुरू हुआ। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के जनसंपर्क अधिकारी विक्रम सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। उच्चस्तरीय जांच कमेटी गठित कर मामले की जांच कराई जाएगी।

यह भी पढ़ें : लखनऊ : गर्भावस्था में ओरल हाइजीन की कमी से हो सकता है भारी नुकसान

संबंधित समाचार