Kannauj: रोडवेज के एटीआई ने फांसी लगाकर दी जान, पहली पत्नी ने भी की थी आत्महत्या, पारिवारिक कलह में उठाया कदम
कन्नौज में रोडवेज के एटीआई ने की आत्महत्या।
कन्नौज में पारिवारिक कलह से परेशान होकर रोडवेज के एटीआई ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी।
कन्नौज, अमृत विचार। छिबरामऊ व बेवर डिपो में तैनात उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के सहायक टिकट निरीक्षक (एटीआई) सुशील कुमार दुबे (46) पुत्र उदय नारायण दुबे ने बेवर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
क्षेत्र के ग्राम पलिया निवासी सुशील कुमार दुबे परिवहन निगम में परिचालक थे और पिछले माह ही उनकी पदोन्नति बेवर डिपो में एटीआई के पद पर हुई थी। वह पत्नी सुमन दुबे के साथ बेवर में एक मकान में किराए पर रह रहे थे। बताया जाता है कि पारिवारिक कलह के कारण शनिवार रात को उन्होंने फांसी लगाकर जान दे दी।
सुशील अक्सर सोशल मीडिया पर परिवार की कलह को लेकर पोस्ट डालते थे। उन्होंने कई बार अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर भी आत्महत्या के बारे में लिखा था और ऑडियो भी वायरल किए थे। उनकी पहली पत्नी ने भी आत्महत्या की थी। सुशील की मृत्यु की जानकारी मिलते ही उनके पैतृक गांव पलिया में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार के लोग बेवर चले गए। उनके एक बेटा अमन और बेटी प्रिया है।
