Teachers Day 2023: Kanpur IIT के तीन प्रोफेसरों को मिलेगा विशिष्ट अवार्ड, यह नाम है शामिल
शिक्षक दिवस पर आईआईटी कानपुर के तीन प्रोफेसरों को विशिष्ट अवार्ड।
शिक्षक दिवस पर आईआईटी कानपुर के तीन प्रोफेसरों को विशिष्ट अवार्ड मिलेगा। छात्रों की प्लेसमेंट, स्टार्टअप, शोध में मदद की। इसके साथ ही कई और फैकल्टी को भी अवार्ड मिला।
कानपुर, अमृत विचार। आईआईटी के तीन प्रोफेसरों ने शिक्षा, शोध और प्रोजेक्ट कार्य में बड़ी भूमिका निभाई है। उन्होंने छात्रों को पढ़ाने के साथ ही उनके प्लेसमेंट, रोजगार, स्टार्टअप में बढ़-चढ़कर सहयोग किया है। अपनी योग्यता, कुशलता, मजबूत इच्छाशक्ति से बदलाव की बयार ला दी है।
इन प्रोफेसरों को पांच सितंबर को शिक्षक दिवस पर सम्मानित किया जाएगा। संस्थान की ओर से इन्हें विशिष्ट अवार्ड से नवाजा जाएगा। इनमें एक फैकल्टी दिवंगत हो चुके हैं, ऐसे में उनके परिजनों को सम्मानित किया जाएगा।
बायोलॉजिकल साइंस एंड बायो इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. रामासुब्बू शंकर रामाकृष्णन, फिजिक्स विभाग के दिवंगत प्रो. अमित दत्ता, एयरोस्पेस इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. राकेश कुमार को डिस्टिंग्विशड टीचर अवार्ड से नवाजा जाएगा। तीनों प्रोफेसरों ने छात्रों को पढ़ाने के लिए कभी समय की परवाह नहीं की। जब भी समय मिला छात्रों को शिक्षित करने और उनके शोध कार्य को पूरा करने में दिया।
शनिवार और रविवार का दिन भी लैब में बिताया। इसी तरह कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. पुरुषोत्तम कर को 1989 बैच फैकल्टी अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बीटेक छात्रों के लिए रचनात्मक और नए तरीके से पढ़ाई का तरीका विकसित किया है।
20 प्रोफेसरों को मिलेगा टीचिंग अवार्ड
संस्थान के 20 प्रोफेसरों को एक्सीलेंस इन टीचिंग अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। इसमें एयरोस्पेस इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. अलकेश चंद्र मंडल, बायोलॉजिकल साइंस एंड बायो इंजीनियरिंग के प्रो. अश्विनी कुमार ठाकुर, सिविल इंजीनियरिंग के प्रो. अभास सिंह व प्रो. सुदीब कुमार मिश्रा, केमिकल इंजीनियरिंग के प्रो. राहुल मंगल, केमिस्ट्री के प्रो. मनबेंद्र चंद्रा व प्रो. राजा अंगामुत्थू, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के प्रो. रघुनाथ तिवारी, इकोनॉमिक्स साइंस के प्रो. प्रवीण कुलश्रेष्ठ, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के प्रो. राजशेखर व प्रो. सुब्रह्मणयम सुंदर कुमार अय्यर, ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंस की प्रो. चैथरा पुट्टास्वामी, मैनेजमेंट साइंस के प्रो. सुमन सौरभ, मैकेनिकल इंजीनियरिंग के प्रो. आशीष दत्ता व प्रो. शक्ति सिंह, मैटेरियल्स साइंस एंड इंजीनियरिंग के प्रो. कांतेश बलानी, मैथमैटिक्स के प्रो.सुप्रीयो बराड़, फीजिक्स के प्रो. मनोज कुमार हरबोला व सुदीप भट्टाचार्य शामिल हैं।
