चित्रकूट में जेपी नड्डा ने कामतानाथ मंदिर में टेका मत्था, बोले- कांग्रेस की विनाश और भाजपा की विकास की सरकार
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने चित्रकूट के कामतानाथ मंदिर में मत्था टेका।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने चित्रकूट के कामतानाथ मंदिर में मत्था टेका। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विनाश और भाजपा की विकास की सरकार है।
चित्रकूट, अमृत विचार। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयप्रकाश नड्डा ने कहा कि कांग्रेस की सरकारें विनाश और भाजपा की विकास की होती हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार ने लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ उठाने में अड़चन पैदा की।
आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने मप्र में जन आशीर्वाद शुरू की है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को मझगवां के गांव मिचकुरिन से इसकी शुरुआत की। इसके पूर्व नड्डा मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ तीर्थक्षेत्र पहुंचे और यहां कामतानाथ मंदिर में पूजा अर्चना की।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा चुनाव प्रभारी नरेंद्र तोमर और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी इस दौरान उनके साथ रहे। बाद में नड्डा मिचकुरिन घाटी पहुंचे और जनसभा को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि कमलनाथ की सरकार ने आवास योजना के लाभार्थियों की फाइल को दिल्ली नहीं भेजा। इससे लोगों को योजना का लाभ नहीं मिल पाया। जब शिवराज की सरकार आई तो उन्होंने इस पर ध्यान दिया और अब मप्र इस योजना में पहले पायदान पर है। उन्होंने कहा कि जब विश्व में आर्थिक तंगी है, तब भारत सभी की आशा की किरण बना हुआ है।
सरकारी योजनाओं का जमकर किया बखान
नड्डा ने इस दौरान योजनाओं के आंकड़ों की मदद से सरकार की उपलब्धियों का जमकर बखान किया। उन्होंने उज्ज्वला, मोबाइल निर्माण आदि के साथ मप्र सरकार की योजनाओं को बताते हुए लोगों से मप्र में फिर से पार्टी की सरकार बनाने की अपील की।
जनता से जुड़ने की करते रहे कोशिश
बताइए भाजपा को मप्र में नंबर वन बनाएंगे कि नहीं, फिर से भाजपा की सरकार बनाएंगे नहीं आदि आदि वाक्यों को कहकर नड्डा ने लोगों से जुड़ने की भी कोशिश की। अपने भाषण के दौरान कई बार उन्होंने लोगों से इस तरह के सवाल पूछकर हाथ खड़े करवाए।
24 के चुनाव के लिए भी कर गए अपील
भाजपा अध्यक्ष ने मप्र के विधानसभा चुनाव तक ही अपनी बात सीमित नहीं रखी। कई बार केंद्र सरकार की योजनाओं को बताकर और पीएम मोदी के कामों को गिनाकर उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए भी समां बांधने की कोशिश की।
चंद्रमा और सूरज पर विजय पा रहे वैज्ञानिक
नड्डा ने अंतरिक्ष में मिल रही सफलताओं के नाम पर भी लोगों को रिझाने की कोशिश की। हाल ही में चंद्रयान की सफलता और सूर्य के लिए छोड़े गए आदित्य एल1 उपग्रह को भारत की बड़ी कामयाबी बताते हुए उन्होंने कहा कि आदित्य उपग्रह पांच साल तक सूर्य में होने वाली गतिविधियों का अध्ययन करेगा। चंद्रमा और सूरज पर वैज्ञानिक विजय पाने का काम कर रहे हैं।
आपस में बात करते रहे भाजपा नेता
भाजपा नेता आपस में वार्तालाप करते रहे। शिवराज सिंह और मप्र चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री नरेंद्र तोमर गुफ्तगू करते दिखे। चलने के दौरान कई बार ज्योतिरादित्य सिंधिया पीछे रह गए। हालांकि नड्डा ने यह दिखाने की भरसक कोशिश की कि ज्योतिरादित्य का पार्टी में पूरा सम्मान है। पूजा के दौरान भी नड्डा के एक ओर शिवराज तो दूसरी ओर ज्योतिरादित्य बैठे।
