अवैध संबंध के दबाव से तंग छात्रा ने की थी आत्महत्या.!
25 अगस्त को खपराडीह तालाब में कूद कर दी थी जान
हैदरगंज/ अयोध्या, अमृत विचार। हैदरगंज थाना क्षेत्र के खपराडीह तालाब में 25 अगस्त को कूद कर जान देने वाली कक्षा 11 की छात्रा के मामले में रविवार को बड़ी जानकारी सामने आई है। मृतका के पिता की ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक उसकी पुत्री ने कतिपय शोहदों द्वारा अवैध संबंध और रोजाना छेड़छाड़ से तंग आकर आत्महत्या की थी। पुलिस ने स्वीकार किया कि तहरीर मिली है, छात्रा के मोबाइल का सीडीआर निकलवाया जा रहा है। जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि 25 अगस्त को मलावन मजरे पलिया निवासी दूधनाथ की पुत्री गुंजा प्रजापति हैदरगंज बाजार स्थित सुमित्रा बालिका इंटर कॉलेज गई थी। बारिश के कारण छुट्टी होने पर लौटते वक्त उसने खपराडीह स्टेट के तालाब में कूद कर आत्महत्या कर ली थी। घटना के नौ दिन बाद पिता की ओर दी गई तहरीर में कहा गया है कि उसकी पुत्री ने कतिपय शोहदों द्वारा अवैध संबंध का दबाव और छेड़छाड़ से तंग आकर आत्महत्या की। पीड़ित पिता ने एफआईआर दर्ज कर जिम्मेदारों का पता लगा कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष मोहम्मद अरशद ने बताया कि तहरीर मिली है। मोबाइल के सीडीआर के जरिए पता लगाया जा रहा है। जैसे भी तथ्य सामने आयेगें कार्रवाई की जाएगी। पिता को जानकारी के लिए बुलाया भी गया है।
बीकापुर में दुराचार के मामले में सुलह का दबाव और धमकी पर केस
दुराचार के एक मामले में पीड़ित द्वारा विपक्षी पर गाली गलौज करने और धमकाने का आरोप लगाया है। कोतवाली पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध केस दर्ज किया है। यह मामला कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है। आरोप है कि दुराचार की धारा में केस दर्ज होने पर आरोपी द्वारा धमकी देकर सुलह का दबाव बनाया जा रहा। पीड़ित का कहना है कि आरोपी पत्नी और पुत्री को उठवा लेने व जान से मार देने की धमकी देता रहता है। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार राय ने बताया तहरीर पर आरोपी जावेद आलम के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है।
ये भी पढ़ें -रायबरेली: किशोर की मौत पर ऑनर किलिंग का आरोप- प्रेमिका के पिता समेत पांच के विरुद्ध तहरीर
