रायबरेली: किशोर की मौत पर ऑनर किलिंग का आरोप- प्रेमिका के पिता समेत पांच के विरुद्ध तहरीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रायबरेली, अमृत विचार। ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के सादे की बाजार गांव के पास दो दिन पूर्व रेलवे ट्रैक पर मिले किशोर के क्षत-विक्षत शव के मामले में सनसनीखेज मोड़ आया है। मृतक के पिता ने इसे ऑनर किलिंग का मामला बताते हुए किशोर की प्रेमिका के पिता और उसके परिजनों के विरुद्ध कोतवाली में तहरीर दी है। 

पुलिस घटना की छानबीन कर रही है। मृतक के परिजनों की तहरीर के बाद हड़कंप मच गया है। बताते हैं कि मोबाइल पर एक मैसेज मृतक द्वारा भेजा गया था जिसमें उसे बुरी तरह मारने की जिक्र किया गया था। ज्ञात हो कि ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के गांव माधौपुर पनवारी निवासी राम प्रताप पांडेय के पुत्र शिवांश पांडेय (16) का शव एक सितंबर को रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत अवस्था में मिला था। इस मामले को पुलिस आत्महत्या बता रही थी। 

रविवार को मृतक के पिता ने कोतवाली में तहरीर देकर इसे ऑनर किलिंग का मामला बताकर सनसनी पैदा कर दी है। उन्होंने मृतक के साथ पढ़ने वाली लड़की के पिता और उसके चार अन्य परिजनों को नामजद किया है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस घटना की छानबीन में जुट गई है। कोतवाल आदर्श सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। अब परिजनों ने तहरीर दी है तो उसमें उल्लिखित तथ्यों की छानबीन करके नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

यह है आरोप
शिवांश के पिता का कहना है कि शिवांश सरस्वती इंटर कालेज अरखा में कक्षा 11 का छात्र था । उसके प्रेम संबंध साथ पढ़ने वाली लड़की से थे । जिसको लेकर लड़की के परिजनों ने उसे धमकी दी थी। यहीं नहीं वह लड़की को लेकर दो बार भाग भी चुका था। 

लड़की पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने कोतवाली में दोनों पक्षों के बीच सुलह समझौता भी कराया था। मृतक के पिता का आरोप है कि घटना के दिन उन्होंने आरोपितों को अपने बेटे को बाइक से ले जाते समय देखा था। उसके बाद किशोर के मौत की सूचना उन्हें मिली है। आरोप है कि लड़की से संबंध के कारण किशोर की हत्या करके उसका शव रेलवे ट्रैक पर फेंका गया है।

यदि मेरे भाई हो तो मौत का बदला लेना
मृतक के पिता का कहना है कि शिवांश ने अपने मौसेरे भाई मयंक के मोबाइल पर मैसेज भेजकर अपनी मौत का बदला लेने को कहा था । उसने लिखा था कि मुझे अमुक लोगों ने बहुत मारा है । यह मैसेज रात करीब दस बजे भेजा गया था । उसके अगले दिन उसका शव मिला था । उसने मयंक को लिखा था कि यदि मेरे भाई हो तो मेरी मौत का बदला जरूर लेना । मेरे साथ बहुत गलत हुआ है । मुझे बहुत बुरी तरह मारा गया है।

यह भी पढ़ें:-अयोध्या: अब भूगर्भ जलस्तर की मिलेगी रियल टाइम ऑनलाइन जानकारी, खर्च होगा 32.60 लाख

संबंधित समाचार