Ghosi by- election : सपा ने निर्वाचन आयोग से की शिकायत, विशेष जाति के पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ /मऊ, अमृत विचार। जिले की घोसी सीट पर उपचुनाव को लेकर सियासी घमासान जारी है। घोसी सीट के लिए बीजेपी और समाजवादी पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। वहीं मतदान से पहले समाजवादी पार्टी ने बीजेपी सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए राज्य निर्वाचन आयोग से शिकायत की है। समाजवादी पार्टी का आरोप है कि घोसी विधानसभा उपचुनाव में कुछ विशेष जाति के पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा पुलिस अल्पसंख्यकों और सपा समर्थक मतदाताओं को प्रताड़ित कर रही है।

बता दें कि घोसी उपचुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी के डेलीगेशन ने इस सम्बन्ध में रविवार को निर्वाचन आयोग से शिकायत की और मुख्य राज्य निर्वाचन अधिकारी को शिकायती पत्र भी सौंपा। समाजवादी पार्टी का आरोप है कि उपचुनाव में 5 पुलिस उपनिरीक्षक, 83 हेड कॉन्स्टेबल, कान्स्टेबल और 50 महिला आरक्षियों की ड्यूटी लगाई गई है, जिसमें यादव और मुस्लिम नहीं है। उनका आरोप है कि ड्यूटी की लिस्ट भाजपा सरकार के मंत्रियों, नेताओं के इशारे पर बनाई गई है। ऐसे में बीजेपी के मंत्री और नेता, प्रशासन और पुलिस-प्रशासन अनुचित दबाव बनाकर चुनाव को प्रभावित करने का कार्य कर रहे है। उन्होंने निर्वाचन आयोग से मांग की कि इस मामले को संज्ञान में लेकर कार्रवाई की जाए और पुलिस अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया से बाहर किया जाए।

सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेंन्द्र चौधरी ने कहा कि अल्पसंख्यक बाहुल्य इलाकों में और सपा समर्थक मतदाताओं के घरों में पुलिस फोर्स पहुंचकर बिजली की लाइनें काट रही है। इसके अलावा पुलिस थाना घोसी में मतदाताओं को बुलाकर बीजेपी के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रताड़ित कर रही है। जिसका एक वीडियो भी सामने आया है। समाजवादी पार्टी के डेलीगेशन ने निर्वाचन आयोग से वीडियो को संज्ञान में लेकर पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन की कार्यशैली पर तत्काल रोक लगाकर स्वतंत्र, निष्पक्ष, निर्भीक चुनाव कराने की मांग उठाई।

ये भी पढ़ें -लखनऊ : राज्यसभा उपचुनाव में दिनेश शर्मा को प्रत्याशी बनाने पर केशव मौर्य ने दी बधाई

संबंधित समाचार