Kanpur Lucknow Highway पर Unnao में हुए हादसों में दो की मौत, परिजनों में मचा कोहराम, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ-कानपुर हाईवे पर हुए हादसों में दो की मौत।

कानपुर-लखनऊ हाईवे पर उन्नाव में सड़क हादसों में दो की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव के सोहरामऊ थानांतर्गत कानपुर-लखनऊ हाईवे पर अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में ट्रक चालक व बाइक सवार की मौत हो गई। बजेहरा मोड़ पर यूटर्न के दौरान डंपर ने ट्रक में टक्कर मार दी। इसमें ट्रक मालिक की मौत हो गई। वहीं अन्य घटना में हाईवे पर बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे टैंकर से टकरा गई। जिसमें बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। 

केस-1 

रामशरण सिंह (42) पुत्र राजवीर सिंह निवासी मोहल्ला व थाना सिरिसागंज जिला फिरोजाबाद ट्रक मालिक होने साथ चालक भी थे। शनिवार देररात वह नागालैंड से ट्रक में बांस लादकर बांगरमऊ जा रहे थे। सोहरामऊ थानाक्षेत्र के लखनऊ-कानपुर हाईवे स्थित बजेहरा मोड़ पर यूटर्न लेते समय ट्रक में कानपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। जिससे ट्रक में परिचालक साइड में बैठे रामशरण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।साथ में मौजूद चालक पप्पू और हनुमान ने पुलिस को सूचना दी।

सोहरामऊ थाने के दरोगा नागेंद्र सिंह ने एंबुलेंस से सीएचसी नवाबगंज भेजा लेकिन गंभीर रूप से घायल रामशरण  की रास्ते में ही मौत हो गई। पुलिस ने रामसरन के पिता राजवीर सिंह को सूचना दी तो घर में कोहराम मच गया। पत्नी अर्चना देवी और बेटी नैंसी (16) पुत्र मनीष (14) और मां बिट्टी देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। दिवंगत दो भाईयों ने बड़ा था। छोटा भाई धर्मेंद्र वायुसेना में नौकरी करता है। 

केस-2 

सोहरामऊ थानांतर्गत ग्राम प्रभूखेड़ा निवासी बालक रावत का बेटा मनोज (25) घर से रविवार को लगभग 11 बजे किसी से पैसे लेने की बात कहकर निकला था। अशाखेड़ा गुलामी बाग के पास मनोज बाइक से लखनऊ कानपुर हाइवे पर कानपुर की तरफ जा रहा था। तभी बाइक अनियंत्रित होकर उसी छोर जा रहे भारत पेट्रोलियम के टैंकर से टकरा गई। सोहरामऊ पुलिस ने घायल बाइक चालक को एंबुलेंस से सीएचसी नवाबगंज भेजा। जहां डाक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां रास्ते में उसकी  मौत हो गई। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। भाई संतोष, बबलू बहन रेनू और मां छेदाना का रो-रोकर बुरा था।

संबंधित समाचार