लखनऊ: धार्मिक स्थल में ईंट फेंक कर माहौल खराब करने की कोशिश, मुकदमा दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मस्जिद के मुतवल्ली ने ठाकुरगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग

ठाकुरगंज, लखनऊ/अमृत विचार। ठाकुरगंज थानाक्षेत्र अन्तर्गत जहरा कालोनी राधाग्राम स्थित एक धार्मिकस्थल में ईंट फेंक कर माहौल खराब करने की कोशिश की गई। खुराफातियों की इस हरकत से लोगों में आक्रोश फैल गया। हालांकि, मुतवल्ली की लिखित शिकायत पर ठाकुरगंज पुलिस ने अज्ञात शख्स पर मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस की गश्त बढ़ा दी है।

इंस्पेक्टर ठाकुरगंज विकास राय के मुताबिक, राधाग्राम कॉलोनी निवासी रहमत अली क्षेत्र की एक मस्जिद के मुतवल्ली है। लिखित शिकायत में मुतवल्ली रहमत अली ने बताया कि बीते 01 सितम्बर को रात 09 बजे नमाज ईशा के समय मस्जिद का गेट खुला था और अंदर नमाजी इबादत कर रहते थे। इसी बीच किसी खुराफाती ने मस्जिद की छत पर वजनदार ईंट और पत्थर फेंक माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया।

मुतवल्ली ने बताया कि इस हमले से मस्जिद की खिड़की में लगा कांच टूट कर गिर पड़ा। इस पर नामाजियों ने बाहर निकाल कर देखा तो उन्हें कोई भी नहीं दिखाई पड़ा। हालांकि, इस घटना से लोगों में आक्रोश फैल गया। इसके बाद मुतवल्ली ने ठाकुरगंज थाने में लिखित शिकायत देते हुए कार्रवाई की मांग की है।

शिकायती पत्र में मुतवल्ली ने कहाकि, दोषी पर उचित कार्रवाई की जाए ताकि, भविष्य में कोई भी अप्रिय घटना न हो। इंस्पेक्टर ठाकुरगंज ने बताया कि मुतवल्ली की लिखित शिकायत पर अज्ञात शख्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस की गश्त बढ़ा दी है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।

यह भी पढ़ें:-घोसी उपचुनाव: अखिलेश यादव ने मतदाताओं से अपील- भाजपा को हराओ...

संबंधित समाचार