अमरोहा: प्रधान और पूर्व प्रधान पक्ष में पथराव-फायरिंग, तीन घायल
हसनपुर/अमरोहा, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में प्रधान एवं पूर्व प्रधान पक्ष में कहासुनी के बाद पथराव एवं फायरिंग होने से हड़कंप मच गया। झगड़े में दोनों पक्षों के तीन लोग घायल हो गए। घायलों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने घायलों को सीएचसी भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव अगरौला कला निवासी पूर्व प्रधान अंसार के पुत्र मेहताब एवं प्रधान रिफाकत में मारपीट होने के बाद जमकर पथराव हुआ। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि इस बीच एक राउंड फायरिंग भी हुई है। इससे गांव में हड़कंप मच गया। मामला क्षेत्रीय विधायक के गांव से जुड़ा होने के कारण प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। मारपीट में दोनों पक्षों के मेहताब, रिफाकत व तहसीन घायल हो गए हैं। मेहताब का आरोप है कि वर्तमान प्रधान के इशारे पर शनिवार की रात उसकी नर्सरी से 50-60 यूकेलिप्टिस के पौधे उखाड़ कर फेंक दिए गए। मारपीट के दौरान हुई फायरिंग में छर्रे या बलम लगने से वह घायल हुआ है। वहीं प्रधान रिफाकत का कहना है कि वह रिश्तेदार की शव यात्रा में शामिल होने जा रहा था। पूर्व प्रधान पक्ष ने रोककर मारपीट की।
दोनों पक्ष घायलों के साथ कोतवाली पहुंचे और एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने दोनों पक्षों से तहरीर लेकर घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भेज दिया। हल्का दरोगा मोहनलाल की तहरीर पर गांव अगरौला कला में हुए विवाद में एक पक्ष के अंसार, महताब, यासीन, बाबू, हसरत, शमशाद, दिलशाद तथा दूसरे पक्ष के इसफाक, तहसीन, मोहम्मद, रिफाकत, राशिद, आबिद, नजाकत समेत 14 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर अंसार, यासीन व इसफाक को गिरफ्तार कर लिया है।
ये भी पढे़ं- अमरोहा : अपहरण कर किशोरी से दुष्कर्म के दोषी मामा को 10 वर्ष की सजा, 50,000 का लगाया जुर्माना
