Kanpur News: गुंडों की कमर तोड़ें, एडीजी ने जोन के अफसरों के साथ की समीक्षा बैठक, दिए ये निर्देश
कानपुर में एडीजी ने जोन के अफसरों के साथ बैठक कर निर्देश दिए।
कानपुर में एडीजी आलोक सिंह ने अपराधियों के विरूद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति को प्राथमिकता में रखते हुए जोन के अफसरों की बैठक की। जनसुनवाई में और गुणात्मक सुधार करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कानपुर, अमृत विचार। सोमवार को अपर पुलिस महानिदेशक (कानपुर जोन) आलोक सिंह ने अपराधियों के विरूद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति को प्राथमिकता में रखते हुए जोन के अफसरों की बैठक की। आईजी प्रशांत कुमार, डीआईजी झांसी परिक्षेत्र जोगेन्द्र कुमार व जनपद प्रभारी कानपुर देहात, औरैया, इटावा, कन्नौज, फतेहगढ़, झांसी, जालौन व ललितपुर के अपर पुलिस उपायुक्त, यातायात अधिकारियों के साथ समीक्षा की।
समीक्षा बैठक में जनपद प्रभारियों ने अपने-अपने जनपदों की कानून-व्यवस्था, अपराध, नवीन प्रयोग व गुडवर्क की जानकारी दी। एडीजी ने आगामी त्योहारों चेहल्लुम, जन्माष्टमी, नवरात्रि, दशहरा व दीपावली आदि के दृष्टिगत कानून व शान्ति-व्यवस्था की समीक्षा की। त्योहारों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा। आईजीआरएस की शिकायतों के त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की समीक्षा की गई। जनसुनवाई में और गुणात्मक सुधार करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
महिला सुरक्षा पर दिया गया विशेष जोर
महिला सम्मान एवं सुरक्षा के सम्बन्ध में विशेष जोर देते हुये जनपद स्तर पर एक विशेष सेल का गठन कर गुमशुदा एवं अपहृत महिलाओं, बालिकाओं की शीघ्र बरामदगी करने के निर्देश दिए। पीड़ित परिवार के साथ विशेष सेल के अधिकारी, कर्मचारी सहानुभूति पूर्वक व्यवहार करें। कहा, एण्टीरोमियो अभियान प्रभावी करें।
बॉर्डर पर 1000 कैमरे लगाने के निर्देश
उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश के बार्डर के थानों को सतर्क रहते हुए अपराध व अपराधियों की कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। मध्य प्रदेश बार्डर के सम्पर्क मार्गों पर करीब 1000 आधुनिक सीसीटीवी लगवाने को कहा।
4427 अभियुक्तों को किया गया गिरफ्तार
कानपुर जोन स्तर पर कुल 4427 अभियुक्तों को गिरफ्तार करने की जानकारी दी गई। 151437 लीटर अवैध शराब की बरामदगी की गई। झांसी में सर्वाधिक 71049 लीटर अवैध शराब पकड़ी गई। एनडीपीएस एक्ट के अन्तर्गत कानपुर जोन में 339 अपराधियों के विरूद्ध कार्रवाई की गई और लगभग 62,48,16,425 रूपये कीमत के मादक पदार्थ जब्त किये गये। अपराध में प्रयुक्त 11 वाहनों को सीज किया गया।
240 पुरस्कार घोषित अपराधी गिरफ्तार
समीक्षा में जोन स्तर पर कुल 330 पुरस्कार घोषित अपराधियों में से 240 अपराधियों को गिरफ्तार किया जाना पाया गया। फतेहगढ़ व जालौन द्वारा सर्वाधिक क्रमशः 50 व 49 अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है जोन स्तर पर चिन्हित 80 टॉप-10 अपराधियों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई की गई है। जोन स्तर पर चिन्हित 405 माफियाओं के विरूद्ध कार्रवाई करते हुये कुल 107 माफियाओं की लगभग 8,82,29,78,645 रूपये की अवैध सम्पत्ति जब्त की गई।
अवैध स्टैंडों से वसूला गया जुर्माना
अवैध तरीके से संचालित हो रहे 67 अवैध टैक्सी, ऑटो, बस स्टैण्डों के विरूद्ध कार्रवाई करते हुये उनसे कुल 2,08,39,300 रूपये शमन शुल्क की वसूली की गई। दुर्घटना बाहुल्य 86 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किये गये हैं।
सीसीटीवी से लैस किए गए जनपद
कुल 10841 स्थानों में से 9567 स्थानों पर सीसीटीवी लगाए जा चुके हैं। जनपद कानपुर देहात, जालौन व ललितपुर में लक्ष्य से अधिक कैमरे लगाए गए। ऑपरेशन दृष्टि के अन्तर्गत करीब 87 प्रतिशत से ऊपर सीसीटीवी का कार्य किया जा चुका है।
