बरेली: स्टाफ नर्स का आरोप- गरीबों के बच्चों की खरीद-फरोख्त करते हैं सीएचसी प्रभारी, डीएम ने एसडीएम को दिया जांच का आदेश
कहा- पुलिस की भी साठगांठ, विरोध पर दी गई जान से मारने की धमकी
बरेली/ बहेड़ी, अमृत विचार : बहेड़ी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात स्टाफ नर्स सुमन लता ने प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. रोहम सिंह पर गरीब लोगों के बच्चों की खरीद-फरोख्त करने का सनसनीखेज आरोप लगाते हुए डीएम और एसएसपी से लिखित तौर पर शिकायत की है। स्टाफ नर्स के मुताबिक बहेड़ी पुलिस की डॉक्टर से साठगांठ है, इसका विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की भी धमकी दी गई है।
डीएम ने एसडीएम को जांच का आदेश दिया है। स्टाफ नर्स ने शिकायत में कहा है कि डॉ. रोहम सिंह गरीब महिलाओं से उनके बच्चे खरीदकर बड़े लोगों को मोटी कीमत पर बेचते हैं। यह खरीदफरोख्त काफी समय से चल रही है। शिकायत में कहा गया है कि 20 अगस्त को भी एक महिला को बच्चा दिया गया था। सीएचसी प्रभारी ने कागजों में इस महिला का प्रसव होना दिखाया है जबकि उसका प्रसव ही नहीं हुआ था।
स्टाफ नर्स के मुताबिक इस अनैतिक और गैरकानूनी काम का विरोध करने पर डॉक्टर ने उन्हें नौकरी से निकलवाने और जान से मारने की धमकी दी। चुप रहने को भी कहा गया। बहेड़ी पुलिस की भी डॉक्टर से साठगांठ है।
स्टाफ नर्स की यह शिकायत अभी मेरे सामने नहीं आई है। अगर ऐसा हो रहा है तो मामले की जांच कराई जाएगी। - घुले सुशील चंद्रभान, एसएसपी
सीएचसी प्रभारी ने मानसिक अस्थिर बताकर अस्पताल से हटाया: सीएचसी प्रभारी डॉ. रोहम सिंह और स्टाफ नर्स के बीच विवाद पहले से चल रहा है। स्टाफ नर्स ने पहले अवैध वसूली और अस्पताल की दवाएं मेडिकल स्टोरों पर बेचने के आरोप लगाए थे। उधर, सीएचसी प्रभारी ने स्टाफ नर्स को मानसिक रूप से अस्थिर बताया है, साथ ही उन्हें अस्पताल से हटाकर भुड़िया कॉलोनी डिलीवरी प्वाइंट से संबद्ध कर दिया है।
प्रभारी के मुताबिक जिस बच्चे को बेचने का आरोप है, उसे अस्पताल के एक निसंतान सफाईकर्मी सुनील ने छोटी बहन के प्रसव के बाद गोद लिया था। एक वरिष्ठ कर्मचारी से विवाद के बाद कार्रवाई करने पर उन पर अनर्गल आरोप लगाए गए हैं। दो-तीन दिनों से वह अजीब हरकतें भी कर रही है।
स्टाफ नर्स रोज नए आरोप लगाकर अस्पताल का माहौल खराब कर रही थी। अब उसे भुड़िया कॉलोनी के डिलीवरी प्वाइंट पर भेज दिया गया है। - डॉ. रोहम सिंह, सीएचसी प्रभारी
डॉ. रोहम बच्चा बेचने का धंधा कर रहे हैं। चहेते कर्मचारी से अवैध वसूली और अस्पताल की दवाएं बाहर बेचने का भी धंधा चल रहा है। मुझे जान का खतरा बना हुआ है। - सुमन लता, स्टाफ नर्स
ये भी पढ़ें - बरेली: पति की पिटाई से परेशान पत्नी ने खुद को मारी गोली, मौत
