Kanpur News: अर्मापुर-पनकी फोरलेन में होगा भूमि अधिग्रहण, PWD ने शुरू किया जमीन का चिन्हांकन
कानपुर में अर्मापुर-पनकी फोरलेन में होगा भूमि अधिग्रहण।
कानपुर में अर्मापुर-पनकी फोरलेन में भूमि अधिग्रहण होगा। पीडब्ल्यूडी ने जमीन का चिन्हांकन शुरू किया।
कानपुर, अमृत विचार। अर्मापुर से पनकी हाईवे की ओर जाने वाली सड़क फोरलेन बनाए जाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। पांच किलोमीटर के इस मार्ग के चौड़ीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग पनकी पड़ाव के पास 18 मीटर के भूमि अधिग्रहण की तैयारी कर रहा है। एक सप्ताह के भीतर लोक निर्माण विभाग भूमि का चिन्हांकन कर जिलाधिकारी के समक्ष रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा, जिसके बाद मुआवजा देकर अधिग्रहण का कार्य शुरू कराया जाएगा।
अर्मापुर पुल से पनकी हाईवे तक लगभग पांच किलोमीटर की सड़क को फोरलेन बनाने का कार्य किया जाएगा। जिसके लिए बीते दिनों मंडलायुक्त अमित गुप्ता, जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर, नगर आयुक्त शिव शरणप्पा जीएन व पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने निरीक्षण किया था। फोरलेन निर्माण के लिए मंडलायुक्त को एक सप्ताह के भीतर मार्ग का सर्वे कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए थे।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राकेश यादव ने बताया कि पनकी पड़ाव के पास जगह संकरी होने के कारण फोरलेन निर्माण में बाधा आएगी। भूमि अधिग्रहण के लिए एसडीएम सदर को पत्र लिखा गया था। बीते शुक्रवार को नक्शा लोक निर्माण विभाग को मिला है। पड़ाव के पास भूमि के चिन्हांकन के लिए दो टीमें लगी हुई हैं। एक सप्ताह के अंदर सर्वे रिपोर्ट मंडलायुक्त को सौंप दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि पड़ाव के पास नौ से 11 मीटर की जगह लोक निर्माण विभाग की है, लेकिन फोरलेन निर्माण के लिए 18 मीटर जगह की आवश्यकता है। बताया कि पड़ाव के पास सेतु निगम का पुल भी प्रस्तावित है, जिस कारण सेतु निगम के अधिकारियों के साथ भी जगह का निरीक्षण किया जाएगा।
नगर निगम कराएगा सौंदर्यीकरण
फोरलेन के बीच में डिवाइडर व ग्रीनरी से सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। फोरलेन के सौंदर्यीकरण का जिम्मा नगर निगम को सौंपा गया है। फोरलेन सड़क के किनारों पर नगर निगम रेलिंग लगवाकर सौंदर्यीकरण का कार्य कराएगा।
