रामपुर: ढकिया के युवक की दिल्ली में मौत, पिता बोला- हत्या करने के बाद बेटे को छत से फेंका
बेटे की मौत होने से घर में परिजनों का रो रोकर बुरा हाल
ढकिया, अमृत विचार। दिल्ली में बेल्डिंग करते समय दो मंजिला मकान से गिरकर मंगलवार शाम को ढकिया के एक युवक की मौत हो गई। बेटे की दो मंजिला मकान से गिरकर मौत होने की खबर मिलते ही परिजन दिल्ली को रवाना हो गए। बेटे की मौत होने से घर में परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। वहीं मृतक के पिता ने रंजिशन हत्या करने की बात कही है।
ढकिया निवासी अबरार उर्फ लाला का 22 वर्षीय पुत्र सोनू छह दिन पूर्व दिल्ली काम करने के लिए गया था। बताया जाता है कि मंगलवार को वह दिल्ली के ईटीवी थाना क्षेत्र के मोहल्ला झिलमिल में एक दो मंजिला मकान पर बेल्डिंग का काम कर रहा था। बेल्डिंग का काम करते समय मंगलवार की शाम सोनू अचानक दो मंजिला मकान से नीचे आ गिरा।
सके साथ काम कर रहे अन्य मजदूरों ने दौड़कर आनन फानन में जब उसे देखा तो उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसके साथ काम करने वाले लोगों ने ईटीवी थाने पहुंचकर दो मंजिला मकान से गिरकर युवक की मौत होने की जानकारी दी। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मृतक युवक के परिजनों को फोनकर जानकारी दी। बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। साथ ही परिजन मृतक बेटे का शव लेने के लिए मंगलवार शाम को ही दिल्ली रवाना हो गए। लेकिन बुधवार दोपहर को मृतक के शव का पोस्टमार्टम होने के कारण शाम तक मृतक का शव घर नहीं पहुंच सका।
जबकि मृतक के पिता अबरार ने दिल्ली में उसके बेटे की कुछ लोगों द्वारा रंजिशन हत्या कर देने की बात कही है। मृतक के पिता का कहना है कि उसके बेटे की हत्या करने के बाद शव को दो मंजिला मकान से नीचे फेंका गया है। ढकिया में घर पर मां भूरी का भी रो रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें- रामपुर: ढाबे पर चाय पीने रुके ट्रक चालकों को कार ने रौंदा, मौत
