लखीमपुर-खीरी: जलशक्ति मंत्री ने किया बाढ़...सिंचाई की 22 परियोजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बुधवार को शारदा और घाघरा बैराज का निरीक्षण किया। शारदा नगर स्थित गेस्ट हाउस में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। इसके साथ ही 22 परियोजनाअ ों का लोकापर्ण और शिलान्यास किया। अधिकारियों के साथ पौधारोपण किया और ग्रामीणों से संवाद किया। शारदा नगर स्थित सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग निरीक्षण भवन में डीएम महेंद्र बहादुर सिंह व एसपी गणेश प्रसाद साहा ने पुष्प देकर जल शक्ति मंत्री का स्वागत किया।

जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रत देव सिंह ने भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, विधायक मंजू त्यागी, विनोद शंकर अवस्थी, शशांक वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष शरद बाजपेई, डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, एसपी गणेश प्रसाद साहा के साथ बाढ़ व सिंचाई की लखीमपुर खीरी में 20 परियोजनाओं का लोकार्पण  किया। दो परियोजनाओं का पूजन अर्चन कर शिलापट्ट का अनावरण कर शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्य अभियंता एसपी सिंह, अशोक कुमार सिंह, अधीक्षण अभियंता धर्मेंद्र सिंह, ललित कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता राजीव कुमार, जेपी सिंह मौजूद रहे। 

कबीना मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि जनपद खीरी में इस सरकार के वर्ष 2017 में आने के बाद बाढ़ की कुल 51 परियोजनायें,  जिसकी कुल लागत तीन सौ पचपन करोड़ रूपये थी, स्वीकृत कर पूरी की गई हैं। इन परियोजनाओं से 252 गांवों की कुल तीन लाख आबादी को सुरक्षित किया गया। 11 हजार 520 हेक्टेयर भूमि को कटान से सुरक्षित किया। इस वर्ष सूखे से निपटने के लिए लखीमपुर स्थित शारदा बैराज से निकलने वाली फीडर नहर को अबतक के अधिकतम डिस्चार्ज से चलाया जा रहा। 

इस नहर के जरिए प्रदेश के 16 जनपदों में सिंचाई प्रदान की जाती है। इस नहर को अधिकतम स्तर से चलाने के कारण प्रदेश के विभिन्न जनपदों में सूखे की स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि आज कुल 20 परियोजनाओं को पूर्ण कर लोकार्पण किया जा रहा। इन परियोजनाओं से 86 ग्रामों की एक लाख तेरह हजार दो सौ नब्बे आबादी एवं तीन हजार नौ सौ सतहत्तर हेक्टेयर भूमि कटान से सुरक्षित हुई है। दो परियोजनाओं का शिलान्यास किया जा रहा है, जिससे 23 ग्रामों की अट्ठावन हजार सात सौ आबादी को लाभ मिलेगा। 

उन्होंने कहा कि विधायक मंजू त्यागी ने जिस समस्या से अवगत कराया। उसके लिए विभाग गहराई से चिंता करेगा। जल्द ही अधिकारी सर्वे भी करेंगे। सात वर्षों में शाहजहांपुर, सीतापुर, लखीमपुर में कोई भी तटबंध या परियोजना को न तो कोई भी खतरा हुआ है न ही कटा है। सरकार मोदी-योगी के ईमानदार नेतृत्व में गांव, गरीब, किसान, खेत, खलियान के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। सरकार जहां एक और टेल तक पानी पहुंचा रही। वहीं 2024 तक नल से के जल पहुंचाने का काम किया है। 

विधायक विनोद शंकर अवस्थी ने कहा कि शारदा-धौरहरा के बीच बसे बाढ़, कटान से गांव को बचाने के लिए सरकार ने पूरी प्रतिबद्धता से काम किया। विधायक मंजू त्यागी ने अपने क्षेत्र की कटान की वर्तमान परिस्थितियां बताई। उनके क्षेत्र में फ्लड प्लेन जोन में अनुरक्षण का काम करने की मांग की, ताकि किसानों और ग्रामीणों को कोई दिक्कत न हो। विधायक शशांक वर्मा ने कहा कि सरकार बाढ़ व कटान को लेकर बेहद गंभीर हैं।

अफसरों के साथ रोपे पौधे 
जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष शरद बाजपेई, विधायक मंजू त्यागी, विनोद शंकर अवस्थी, शशांक वर्मा के संग सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग शारदा नगर परिसर में विभिन्न प्रजातियों के छायादार, फलदार, औषधीय पौध का रोपण किया।

परियोजना विशेष पुस्तिका का किया विमोचन
बुधवार को निरीक्षण भवन में आयोजित कार्यक्रम में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने जनप्रतिनिधियों व अफसरों संग जिले में क्रियान्वित परियोजनाओं पर आधारित परियोजना विशेष पुस्तिका का विमोचन किया। इस दौरान उन्होंने परियोजनाओं पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: शरारतीतत्वों ने जिला अस्पताल में खड़ी स्टाफ नर्स की कार में की तोड़फोड़, हंगामा

संबंधित समाचार