कानपुर : सुपर ओवर में नोएडा सुपर किंग्स का कमाल, जीता मैच
कानपुर, अमृत विचार। रोमांचक मुकाबले में नोएडा सुपर किंग्स ने काशी रुद्राश को सुपर ओवर में 8 रनों से हरा दिया। पहले खेलते हुए नोएडा ने नितीश राणा के नाबाद 16 रन की बदौलत सुपर ओवर में 19 रन बनाए थे, जिसका पीछा करने काशी रुद्राश की टीम की ओर से क्रीज पर उतरे कप्तान करन शर्मा और प्रिंस यादव 11 रन ही बना सके। नोएडा सुपर किंग्स टीम के कप्तान नितीश राणा को मैन ऑफ़ द मैच चुना गया, हालांकि इस दौरान उन्होंने अपना खिताब प्रशांत वीर को दे दिया। वहीं, मैच में पहले काशी ने 7 विकेट के नुकसान पर 165 रन बनाए थे, नोएडा की टीम को जीत के लिए आखिरी ओवर में 18 रन चाहिए थे, पांच गेंदों में टीम ने 11 रन जोड़ लिए। आखिरी गेंद पर टीम को जीत के लिए 7 रन की जरूरत थी, प्रशांत वीर ने छक्का मारकर स्कोर बराबर कर दिया, और मैच को सुपर ओवर में धकेल दिया।
नोएडा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। काशी रुद्राश टीम का पहला विकेट कप्तान करन शर्मा के रूप में गिरा। दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर कुनाल त्यागी ने करन शर्मा (5) को बोल्ड कर दिया। 10वें ओवर में जब काशी रुद्राश का स्कोर 71 रन था इसी समय शिवा सिंह (36) के रूप में दूसरा झटका लगा। काशी टीम ने शिवम बंसल (37) और प्रियांशु यादव (50) रन की बदौलत की टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 165 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने नोएडा की ओर से अलमास शौकत और समर्थ सिंह ओपनिंग करने आए। दूसरे ओवर में अटल बिहारी की गेंद पर समर्थ सिंह (5) ने प्रियांशु पांडेय को कैच दे दिया। इसके बाद क्रीज पर आए अर्जुन भारद्वाज ने भी अगली ही गेंद पर प्रियांशु पांडेय को कैच दे दिया वह बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। 11वें ओवर में करन शर्मा की गेंद पर अलमास शौकत (38) ने प्रियांशु पांडेय को कैच दे दिया। नितीश राणा ने सर्वाधिक 58 रन बनाए। उन्होंने 49 गेंदों पर 7 चौके और एक छक्का मारा। 19 ओवर के बाद टीम के छह विकेट के नुकसान पर 148 रन ही बने। 20वें ओवर में टीम को 18 रन चाहिए थे। लेकिन पहली ही गेंद पर सौरभ कुमार भी 2 रन बनाकर चलते बने। इसके बाद भुवनेश्वर कुमार क्रीज की दूसरी छोर पर डटे प्रशांत वीर का साथ देने आए। प्रशांत वीर ने चौथी गेंद पर छक्का मारकर टीम को वापस मैच में ला दिया। पांचवी गेंद पर प्रशांत वीर ने दो रन बटोरे, अब मैच की अंतिम गेंद पर जीत के लिए 7 रन चाहिए थे, प्रशांत वीर ने छक्का मारकर स्कोर बराबर कर दिया।
यह भी पढ़ें : प्रयागराज : जाति-धर्म अलग होने पर भी बालिग जोड़े को साथ रहने की स्वतंत्रता
