जन्माष्टमी उत्सव में लखनऊ पुलिस लाइन पहुंचे CM योगी, बोले - शाश्वत है सनातन धर्म  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। सीएम योगी आदित्यनाथ गुरुवार को हर साल की तरह जन्माष्टमी पर लखनऊ पुलिस लाइन में आयोजित कृष्ण जन्मोत्सव में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि 5250 वर्ष पूर्व भगवान विष्णु के एक पूर्ण अवतार के रूप में भगवान श्री कृष्ण ने वर्तमान उत्तर प्रदेश के मथुरा में जन्म लिया था। उनका जन्म धर्म, सत्य और न्याय की स्थापना के लिए हुआ था। उन्होंने कहा कि कुछ लोग भारत की प्रगति से चिढ़ते हैं, सनातन धर्म को मिटाने की बात करते हैं। लेकिन उन्हें मालूम नहीं है कि सनातन धर्म सत्य और शाश्वत है। उन्होंने कहा कि रावण, कंस और हिरण्यकश्यप जैसे लोगों ने इसे मिटाने का प्रयास किया लेकिन सनातन धर्म आज भी कायम है। उन्होंने कहा कि भारत की प्रगति के लिए श्री कृष्ण जैसे अवतारों ने मार्ग प्रशस्त किया।   

सीएम योगी ने कहा जहां कहीं शांति में, विधि व्यवस्था में खलल डालने का प्रयास किया गया तो परित्राणाय साधुनाम, विनाशय च दुष्कृताम के जरिये ईश्वर ने दंड दिया। भारतीय समाज के सामने कोई भी इस प्रकार की स्थिति पैदा हुई तो भगवान कृष्ण का चरित्र हम सबको एक नई प्रेरणा नहीं ऊर्जा से आगे बढ़ने का कार्य करता है। भारत की प्रगति भारत की समृद्धि वैश्विक मंच पर दिखाई दे रही है। पुलिस कर्मियों से उन्होंने कहा कि विश्व के सामने यूपी कि छवि को चमकाने में आपका बड़ा योगदान है। इसके चलते ही आज देश में 1 करोड़ 31 लाख पर्यटकों ने यहाँ आने में रूचि दिखाई।  

विपक्षियों पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि सूर्य पर थूकने से अपना ही सिर गन्दा होता है। उन्होंने कहा कि सनातन मिटाने वालों को अपने कृत्यों पर शर्मिंदा होना चाहिए। उसकी आने वाली पीढ़ी को स्वयं लज्जित होना पड़ेगा। हमें भारत की परंपरा पर गौरव की अनुभूति करनी चाहिए। दुनिया को मानवीय कल्याण के मार्ग पर चलने वाली प्रेरणा देने वाले सनातन धर्म की परंपरा पर गौरव की अनुभूति करनी चाहिए यह भारत की राष्ट्रीयता का प्रतीक है। सनातन दुनिया के अंदर मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करने वाला माध्यम बनता है। सीएम ने कहा कि वसुधैव कुटुंबकम का उद्घोष देने वाला भारत इसे चरितार्थ भी कर रहा है। 

ये भी पढ़ें -लखनऊ : Congress ने शहीद स्मारक से निकाली भारत जोड़ो यात्रा, कहा- देश नफरत से नहीं प्यार से चलेगा

संबंधित समाचार