कानपुर में बोले मंत्री नंदी - ‘भारत’ का मुकाबला नहीं कर सकते नकली अंग्रेज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने विपक्षी गठबंधन को नकली अंग्रेजों का ठगबंधन करार दिया है। उन्होंने कहा कि शकुंतला पुत्र भरत के नाम से उपजे भारत का मुकाबला ये नकली अंग्रेज नहीं कर सकते हैं। विपक्ष अब केक में एक स्लाइस की तरह है। प्रधानमंत्री मोदी की तरफ देश ही नहीं दुनिया आज देख रही है। चंद्रयान-3 की सफलता से देश-दुनिया में भारत की तस्वीर बदली है। उन्होंने कहा कि 2024 में यूपी की सभी 80 सीटें भाजपा जीतेगी, उत्तर प्रदेश ने सर्वोत्तम प्रदेश बनने की ओर कदम बढ़ा दिए हैं।

यहां एक कार्यक्रम में गुरुवार को आए नंदी ने उदयनिधि स्टालिन के सनातन के डेंगू, मलेरिया से तुलना करने वाले बयान पर नाराजगी जताते हुए कहा कि सनातन धर्म को मानने वाले दुनिया में गर्व की अनुभूति करते हैं। जो लोग धर्म विरोधी बातें करते हैं, वे अज्ञानी हैं। उनका नाश सुनिश्चित है। ऐसे लोगों को देश कभी माफ नहीं करेगा। इस तरह के बयान देने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। यूपी की घोसी विधानसभा में हाल ही में हुए उपचुनाव पर मंत्री नंदी से सवाल किया गया तो वह उठकर चले गए।

यूपी में गुंडे हो गए अंडरग्राउंड
नंदी ने कहा कि पहले हमारे व्यापारियों और उद्यामियों को गुंडे डराते थे, मुख्तार अंसारी के चचा-भतीजे तक फोन पर रंगदारी मांगते थे। सीएम योगी के आने के बाद सारे गुंडे अंडरग्राउंड हो गए। अब उत्तर प्रदेश में व्यापारी और व्यापार दोनों ही बढ़ रहे हैं।

10 लाख करोड़ की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 36 लाख करोड़ का निवेश आया है। इसमें अब हम 10 लाख करोड़ की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी करने जा रहे हैं। नोएडा में यूपी का सबसे बड़ा डाटा सेंटर है। एयरपोर्ट कनेक्टीविटी लगातार बढ़ रही है। बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे के बाद गंगा एक्सप्रेस वे जो 576 किलोमीटर है, बन रहा है। इसके साथ 6 और एक्सप्रेस-वे बन रहे हैं। उद्योग लगाने के लिए भारत का सबसे अच्छा डेस्टीनेशन उत्तर प्रदेश बनता जा रहा है।

ये भी पढ़ें - जन्माष्टमी उत्सव में लखनऊ पुलिस लाइन पहुंचे CM योगी, बोले - शाश्वत है सनातन धर्म

संबंधित समाचार